उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, बस-कार की टक्कर में 5 की मौत, कई घायल

उन्नाव के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस और अर्टिगा कार की भीषण टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई यात्री घायल हुए। पुलिस ड्राइवर को झपकी आने के एंगल से जांच कर रही है।;

Update: 2026-07-01 05:11 GMT

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बांगरमऊ क्षेत्र में सुबह करीब साढ़े चार बजे हरियाणा से बिहार जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर आगे चल रही अर्टिगा कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बस एक्सप्रेसवे से नीचे उतरकर पलट गई। हादसे में कार सवार दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, वहीं बस में सवार कई यात्री घायल हो गए।

टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार बस ने पहले अर्टिगा कार को पीछे से जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन डिवाइडर पार कर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

बस में 70 यात्री, कई घायल

बांगरमऊ के क्षेत्राधिकारी (सीओ) हर्ष मोदी के अनुसार, बस में करीब 70 यात्री सवार थे, जबकि कार में 9 लोग यात्रा कर रहे थे। इस हादसे में बस के चार यात्रियों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया, जहां से गंभीर घायलों को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया।

ड्राइवर को झपकी आने की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बस चालक को चलते समय झपकी आ गई थी, जिसके कारण बस अनियंत्रित होकर कार से टकरा गई। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

हादसे में दिव्या (6), अमृता (13), अंजू (40), धुनमुन (60) और कार चालक विनोद (45) की मौत हो गई। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News