राहुल बोले- हॉस्पिटल में पूरी रात सोफे पर सोया, मां की सेहत को लेकर परेशान था; सोनिया दो दिन से अस्पताल में भर्ती

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती हैं। पेट और यूरिनरी इंफेक्शन के चलते उन्हें एडमिट किया गया, जबकि राहुल गांधी अस्पताल में रहकर मां की देखभाल कर रहे हैं और उनका भावुक वीडियो सामने आया है।

Update: 2026-03-26 05:28 GMT
नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया (Sonia Gandhi) पिछले दो दिनों से दिल्ली के सर गंगाराम हास्पिटल (Sir Ganga Ram Hospital) में भर्ती हैं। उन्हें पेट और यूरिनरी इंफेक्शन की शिकायत के चलते मंगलवार रात 10:22 बजे अस्पताल में एडमिट कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

इस दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) अपनी मां के साथ अस्पताल में ही मौजूद रहे। उन्होंने मां की देखभाल के लिए अपने सभी राजनीतिक कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया। राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त कीं, जिसमें उन्होंने बताया कि वे अस्पताल में अपनी मां के कमरे में एक छोटे से सोफे पर सो रहे थे।

केरल की नर्स हौसला बढ़ाती

राहुल गांधी ने कहा कि एक बेटे के रूप में वे अपनी मां की तबीयत को लेकर बेहद चिंतित थे। उन्होंने बताया कि पूरी रात उन्हें केवल एक चीज से सुकून मिला वह है, एक केरल की नर्स, जो हर घंटे उनकी मां की देखभाल के लिए आती थी। राहुल ने नर्स की सराहना करते हुए कहा कि वह मुस्कुराते हुए उनकी मां का हाथ पकड़ती थी और उनका हौसला बढ़ाती थी।

केरल की नर्सें कठिन समय में बनती है सहारा

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि केरल की नर्सें न केवल भारत बल्कि दुनिया भर में लोगों के कठिन समय में सहारा बनती हैं। राहुल गांधी ने बताया कि जब उन्होंने उस नर्स से पूछा कि क्या वह रात में आराम करती हैं, तो उसने जवाब दिया कि वह पूरी रात काम करती हैं। यह सुनकर राहुल भावुक हो गए और उन्होंने इसे सेवा और समर्पण की मिसाल बताया।

केरल का दौरा रद्द करना पड़ा

सोनिया गांधी की तबीयत खराब होने के कारण राहुल गांधी बुधवार को संसद भवन में हुई सर्वदलीय बैठक में भी शामिल नहीं हो सके। इसके अलावा उन्होंने केरल का अपना निर्धारित दौरा भी रद्द कर दिया। उनकी जगह कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge ने कार्यक्रम में भाग लिया। हालांकि राहुल गांधी ने वर्चुअल माध्यम से सभा को संबोधित किया।

डॉक्टरों के अनुसार सोनिया गांधी की हालत में सुधार हो रहा है और जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता लगातार उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News