SIR पर घमासान जारी, खरगे ने विपक्षी सांसदों को लंच पर बुलाया; मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिलने की तैयारी

एसआईआर विवाद के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्षी सांसदों की लंच बैठक बुलाई है। सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात के लिए पत्र पर हस्ताक्षर करेंगे।;

Update: 2026-10-07 07:43 GMT

 नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग और विपक्षी दलों के बीच जारी विवाद अब अगले चरण में पहुंचता दिख रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को दोपहर 1 बजे विपक्षी सांसदों की लंच बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार से मुलाकात का समय मांगने वाली चिट्ठी पर हस्ताक्षर करेंगे।

यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब एक दिन पहले यानी 6 अक्टूबर को INDIA ब्लॉक के नेताओं ने SIR के मुद्दे पर चुनाव आयोग की ओर मार्च किया था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को निर्वाचन सदन की ओर आगे बढ़ने से रोक दिया था और बाद में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया था।

खरगे की बैठक में बनेगी आगे की रणनीति

खरगे की ओर से बुलाई गई बैठक को विपक्ष की आगे की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठक में विपक्षी सांसद CEC से सीधे मुलाकात की मांग को औपचारिक रूप देने के लिए पत्र पर हस्ताक्षर करेंगे।

विपक्षी दलों का कहना है कि SIR से जुड़े उनके सवालों और आपत्तियों पर चुनाव आयोग को स्पष्ट जवाब देना चाहिए। विपक्ष इस मुद्दे को अपने 'Save Democracy' अभियान से भी जोड़ रहा है।

हालांकि, चुनाव आयोग ने विपक्ष के इन आरोपों और मंगलवार की घटनाओं को लेकर अपना पक्ष अलग रखा है। आयोग का कहना है कि 6 अक्टूबर को शाम 4 बजे तक किसी राजनीतिक दल की ओर से उसके साथ बैठक के लिए औपचारिक अनुरोध नहीं किया गया था।

240 सांसदों के प्रतिनिधिमंडल पर EC की सफाई

चुनाव आयोग के मुताबिक, करीब 4 बजे दिल्ली पुलिस से जानकारी मिली कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में लगभग 240 सांसदों का प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयुक्तों से मिलना चाहता है और संसद भवन एनेक्सी में ज्ञापन सौंपना चाहता है।

EC ने कहा कि राजनीतिक दलों और प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात के लिए पहले से निर्धारित प्रक्रिया है। आयोग के मुताबिक, संसद भवन एनेक्सी में जिस तरीके और स्थान पर प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात प्रस्तावित थी, वह स्थापित प्रोटोकॉल के अनुरूप नहीं था।

ज्ञापन लेने के लिए अधिकारी भेजने की पेशकश

चुनाव आयोग ने बताया कि उसने विपक्षी सांसदों का ज्ञापन लेने के लिए अपने वरिष्ठ अधिकारी को मौके पर भेजने का विकल्प भी रखा था। हालांकि, आयोग के अनुसार विपक्षी प्रतिनिधिमंडल ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया।

दूसरी ओर, विपक्ष का कहना है कि वह चुनाव आयुक्तों से सीधे मुलाकात कर अपनी चिंताओं और मांगों को सामने रखना चाहता है। इसी गतिरोध के बीच अब खरगे ने विपक्षी सांसदों को एक साथ बैठकर आगे की रणनीति तय करने के लिए बुलाया है।

CEC से मुलाकात के लिए पत्र होगा अहम

6 अक्टूबर के प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने SIR, मतदाता सूची और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े मुद्दे उठाए थे। राहुल गांधी ने दावा किया था कि बड़ी संख्या में विपक्षी सांसद चुनाव आयुक्तों से मिलकर ज्ञापन सौंपना चाहते थे। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।

अब खरगे की लंच बैठक के बाद CEC ज्ञानेश कुमार से मुलाकात के लिए औपचारिक पत्र भेजे जाने की संभावना है। साथ ही, विपक्षी दलों ने बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी CEC से जुड़े मुद्दों पर मुलाकात का समय मांगने की पहल की है।

Tags:    

Similar News