सहारनपुर में ढहाई गई मस्जिद के नीचे मिला 20 फीट गहरा कुआं, ASI करेगी जांच

सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद ध्वस्तीकरण के बाद मलबा हटाने के दौरान करीब 20 फीट गहरा कुआं मिलने की बात सामने आई है। ASI और तकनीकी टीम जांच करेगी।;

Update: 2026-09-06 06:43 GMT
सहारनपुर।सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद को ध्वस्त किए जाने के बाद प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को साफ कर समतल कर दिया है। इसी दौरान मलबा हटाने के क्रम में मस्जिद के बीचों-बीच जमीन के नीचे एक कुआं मिला। बताया जा रहा है कि कुएं की गहराई करीब 20 फीट है। प्रशासन ने फिलहाल इसे ढक दिया है और मौके पर पुलिस बल की मौजूदगी बनाए रखी गई है।

एसडीएम सदर सुबोध कुमार के अनुसार, मस्जिद के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अदालत के आदेश के तहत की गई थी। उन्होंने बताया कि मलबा हटाने के दौरान कुएं जैसी संरचना सामने आई है। संबंधित एजेंसियां और तकनीकी टीमें इसकी जांच करेंगी। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कुआं कितना पुराना और कितना बड़ा है तथा इसकी वास्तविक संरचना क्या है।

ईंटों से बनी है कुएं की संरचना

प्रशासन के मुताबिक, प्रारंभिक तौर पर सामने आई संरचना ईंटों से बनी हुई है और देखने में यह कुआं ही प्रतीत होता है। हालांकि, अधिकारियों ने इसकी अंतिम पुष्टि के लिए तकनीकी जांच को जरूरी बताया है। एएसआई की टीम भी मौके की जांच करेगी, जिसके बाद कुएं की संरचना और संभावित ऐतिहासिक महत्व से जुड़े पहलुओं पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मस्जिद को गिराए जाने के बाद प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर से मलबे की एक-एक ईंट हटाने की कार्रवाई की। बताया गया कि मलबे को सहारनपुर शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर निर्धारित स्थान पर ले जाकर डाला गया है। प्रशासन का कहना है कि परिसर को पूरी तरह साफ कर समतल किया जा चुका है।

मस्जिद के नीचे कुआं मिलने से बढ़ी सतर्कता

मस्जिद के बीच में कुआं मिलने के बाद प्रशासन मामले में अतिरिक्त सावधानी बरत रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। कुएं को फिलहाल ढक दिया गया है, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो और जांच के दौरान संरचना को सुरक्षित रखा जा सके।

सपा का प्रतिनिधिमंडल करेगा सहारनपुर का दौरा

इस बीच समाजवादी पार्टी ने भी पूरे मामले की जांच के लिए अपना प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर भेजने का फैसला किया है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल रविवार को सहारनपुर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी जुटाएगा।

सपा के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल मंडलायुक्त से मुलाकात कर मस्जिद ध्वस्तीकरण से जुड़े तथ्यों की जानकारी लेगा। पार्टी का दावा है कि 4 सितंबर की शाम प्रशासन की ओर से मस्जिद को सील किए जाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन बाद में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। प्रतिनिधिमंडल मौके की स्थिति देखने के बाद अपनी रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को सौंपेगा।

Tags:    

Similar News