राकेश टिकैत की गिरफ्तारी पर मुजफ्फरनगर में भड़का गुस्सा, कार्यकर्ताओं ने घेर लिए थाने, डाल दी चारपाई
Muzaffarnagar News: भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ओडिशा के भुवनेश्वर में किसानों के पैदल मार्च में शामिल होने गए थे। भुवनेश्वर में पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया और गिरफ्तार कर थाने ले गई।
भुवनेश्वर में किसानों के विभिन्न मुद्दों को लेकर 22 मार्च से आंदोलन चल रहा है। संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधियों को भी भुवनेश्वर में सोमवार को होने वाले पैदल मार्च में शामिल होने के लिए बुलाया गया था। भाकियू प्रवक्ता कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया।
पुलिस उन्हें पहले थाने ले गई और इसके बाद गेस्ट हाउस में भेज दिया गया। उधर, टिकैत को रोके जाने की जानकारी मिलते ही कार्यकर्ताओं ने जिले के थानों पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी शहर के सिविल लाइन थाने पर कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे। भाकियू नेता गौरव टिकैत ने कार्यकर्ताओं के साथ भौराकलां थाने में डेरा जमा लिया है। देर रात तक धरना प्रदर्शन जारी है।
इस तरह कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
मीरापुर में भाकियू के नगर अध्यक्ष सुभाषचंद धीमान, शाहपुर में भाकियू के प्रदेश महासचिव सतेंद्र प्रधान एवं जिला उपाध्यक्ष बिजेंद्र बालियान, जानसठ में ब्लॉक अध्यक्ष योगेंद्र बालियान के नेतृत्व में पहुंचकर प्रदर्शन किया। मंसूरपुर में जिला महासचिव संजीव राठी, एहसान त्यागी के साथ कार्यकर्ता पहुंचे।
खतौली में की गई नारेबाजी, रात तक डटे
भाकियू के एनसीआर प्रभारी कपिल सोम के साथ कार्यकर्ता खतौली थाने पहुंचे और धरना देकर बैठ गए। देर रात तक यहां पर धरना जारी रहा। सतेंद्र चौहान, सचिन चौधरी, खड़क सिंह सैनी, राहुल अहलावत, प्रवेज प्रधान, मुजम्मिल राना, अंकुश प्रधान मौजूद रहे। उधर, बुढ़ाना और फुगाना में जिला उपाध्यक्ष अनुज बालियान व तहसील अध्यक्ष संजीव पंवार के साथ कार्यकर्ता पहुंचे। सड़क पर उतरकर आंदोलन की चेतावनी दी गई। इस मौके पर अब्दुल राणा, साजिद, गुलफाम व इसरार आदि मौजूद रहे।
चरथावल थाने में डाल ली चारपाई
उड़ीसा में भाकियू राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की गिरफ्तारी के विरोध में भाकियू कार्यकर्ताओं ने चरथावल थाने में चारपाई डालकर धरना शुरू कर दिया। भाकियू एनसीआर अध्यक्ष विकास शर्मा के संयोजन में क्षेत्र के नाराज किसानों ने कहा कि जब तक भाकियू नेता की रिहाई नहीं होगी, धरना जारी रहेगा। ब्लॉक अध्यक्ष संजय त्यागी, पवन त्यागी, नीतू त्यागी, सचिन कुमार, सलमान, सरफराज, रामकुमार आदि मौजूद रहे।
थाने में चढ़ाई भट्ठी, आंदोलन की चेतावनी
जिलाध्यक्ष नवीन राठी के नेतृत्व में पुरकाजी थाने पर धरना दिया। ब्लॉक अध्यक्ष मोनू पंवार, शाह आलम गौड़, दीपक मुखिया, वंश अग्रवाल मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने यहां पर भट्ठी चढ़ाई और खाना बनाया।