निशु आजाद के घर रात में पथराव, स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी के बाद बढ़ी सुरक्षा की चिंता

स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर निशु आजाद ने घर पर पथराव और धमकी का आरोप लगाया है। उन्होंने परिवार की सुरक्षा की मांग की।;

Update: 2026-09-06 06:36 GMT

नई दिल्ली। यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर निशु आजाद ने शनिवार रात कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। इनमें उन्होंने अपने घर की बालकनी में पड़े पत्थर और टूटे हुए कांच दिखाए। निशु का दावा है कि उनके घर की गैलरी और किचन की ओर पत्थर फेंके गए हैं। उन्होंने घर के बाहर संदिग्ध हलचल और आवाजें आने की बात कहते हुए परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की।

निशु ने कहा कि उन्हें ऐसी आवाजें सुनाई दे रही थीं, जैसे कोई घर में चढ़ने की कोशिश कर रहा हो। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। उन्होंने सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी दोहराई।

स्वतंत्र भारद्वाज से विवाद के बाद बढ़ा मामला

निशु आजाद और स्वतंत्र भारद्वाज दोनों सोशल मीडिया से जुड़े हुए हैं। जंतर-मंतर पर सीजेपी के आंदोलन के दौरान दोनों के बीच विवाद सामने आया था। इसके बाद निशु के पिता संजय और स्वतंत्र भारद्वाज के बीच भी कथित मारपीट की घटना हुई।

निशु का आरोप है कि इस घटना में उनके पिता के सिर पर चोट लगी और उन्हें टांके लगाने पड़े। मामला करीब एक महीने बाद उस समय फिर चर्चा में आया, जब स्वतंत्र के एक इंटरव्यू से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। इसमें उनके द्वारा निशु के पिता को चोट पहुंचाने की बात स्वीकार करने का दावा किया गया। हालांकि, बाद में स्वतंत्र ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने विरोधियों की बात को तंज के तौर पर दोहराया था।

गिरफ्तारी के बाद दोनों पक्षों की प्रतिक्रियाएं

मामले में सीजेपी, कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी से जुड़े लोगों के संसद मार्ग थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद स्वतंत्र के समर्थन में भी लोग सामने आए और मामले में एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया।

वहीं, निशु ने पहले भी स्वतंत्र के कुछ समर्थकों पर सोशल मीडिया के जरिए गाली-गलौज और रेप की धमकी देने के आरोप लगाए थे। उन्होंने अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस से मदद की मांग की थी।

घर के बाहर धमकी देने का भी आरोप

निशु ने एक अन्य वीडियो में दावा किया कि कुछ लोग उनके घर के बाहर आकर चिल्लाते हुए धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कथित तौर पर कुछ लोग खुद को बीजेपी और आरएसएस समर्थक बताते हुए किसी कार्रवाई का डर नहीं होने की बात कह रहे थे।

निशु ने घर के बाहर खड़े कुछ लोगों की तस्वीर भी साझा की, हालांकि चेहरों को ब्लर किया गया है। फिलहाल घर पर पथराव और धमकी के इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक जांच और कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।

Tags:    

Similar News