न्यूयॉर्क में मोहन भागवत के कार्यक्रम को लेकर विवाद, अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने ममदानी पर साधा निशाना
न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में मोहन भागवत के कार्यक्रम को लेकर विवाद बढ़ गया है। अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने जोहरान ममदानी और कार्यक्रम के आलोचकों पर निशाना साधा।;
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के अमेरिका दौरे और न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन (MSG) में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। कार्यक्रम का कुछ स्थानीय संगठनों और न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी की ओर से विरोध किए जाने के बीच अमेरिकी सिंगर और अभिनेत्री मैरी मिलबेन ने आलोचकों पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम का विरोध करने वाले लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विरोध की वजह से ऐसा कर रहे हैं।
मैरी मिलबेन ने सोशल मीडिया पर किया पलटवार
मैरी मिलबेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में ममदानी और अन्य आलोचकों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वे MSG में होने वाले भागवत के कार्यक्रम का विरोध कर रहे हैं क्योंकि वे मोदी और बीजेपी के खिलाफ हैं। उन्होंने आलोचकों की राजनीतिक विचारधारा पर भी सवाल उठाते हुए इसे समाजवादी सोच से जोड़ा।
मिलबेन ने कहा कि मैडिसन स्क्वायर गार्डन किसी राजनीतिक विचारधारा के हिसाब से नहीं, बल्कि व्यावसायिक आधार पर संचालित होता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग कार्यक्रम का विरोध कर रहे हैं, वे चाहें तो खुद एमएसजी किराए पर लेकर अपनी मोदी विरोधी रैली आयोजित कर सकते हैं।
मोदी के कार्यक्रम में राष्ट्रगान गा चुकी हैं मिलबेन
मैरी मिलबेन भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपने सार्वजनिक समर्थन के लिए जानी जाती हैं। 2023 में वॉशिंगटन स्थित रोनाल्ड रीगन बिल्डिंग में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम से पहले उन्होंने भारत का राष्ट्रगान गाया था।
मिलबेन ने अपने संदेश में कार्यक्रम के नाम ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें ‘वननेस’ यानी एकता का विचार पसंद है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्यक्रम में भारत में धार्मिक स्वतंत्रता जैसे मुद्दों पर सार्थक चर्चा भी हो सकती है। वह ‘जन गण मन’ और ‘ओम जय जगदीश हरे’ जैसे भारतीय गीतों की प्रस्तुतियों के लिए भी भारत में लोकप्रिय रही हैं।
29 अगस्त को एसएसजी में होगा कार्यक्रम
कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत 29 अगस्त को मैडिसन स्क्वायर गार्डन में आयोजित ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ में संबोधित करेंगे। आयोजन का उद्देश्य अमेरिका में रहने वाले हिंदू समुदाय को एक मंच पर लाना और साझा विरासत तथा विभिन्न धर्मों के बीच संवाद और एकता को बढ़ावा देना बताया गया है।
आयोजक अमेरिकन हिंदूज फॉर एंगेजमेंट एंड डायलॉग के अनुसार, कई हिंदू-अमेरिकी संगठनों ने कार्यक्रम का समर्थन किया है।
ममदानी ने कार्यक्रम का समर्थन करने से किया इनकार
न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी कार्यक्रम के आलोचकों में शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वह इस रैली का समर्थन नहीं करते। हालांकि, कार्यक्रम को रद्द करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि शहर के पास किसी निजी कार्यक्रम को रद्द करने का कानूनी अधिकार है या नहीं।
ममदानी ने भारत के अपने पारिवारिक अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे भारत के बारे में सुना और जाना है जहां अलग-अलग समुदाय साथ रहते हैं और देश एक धर्मनिरपेक्ष गणराज्य के रूप में सभी को समान रूप से स्वीकार करता है। उन्होंने ऐसी विचारधारा के बढ़ने पर चिंता जताई, जिसके बारे में उनका दावा है कि वह कुछ लोगों को देश से बाहर रखने की सोच पर आधारित है।