Weather Forecast: पहाड़ों पर बर्फबारी से बदलेगा मौसम, मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर से होगी नए वर्ष की शुरुआत

पहाड़ों पर लगातार पश्चिमी विक्षोभ के चलते बर्फबारी और बारिश का असर दिखाई देगा। दिल्ली में दिसंबर के अंत और जनवरी के पहले सप्ताह में कोहरा और घना हो सकता है।

Update: 2025-12-27 11:03 GMT

नई दिल्ली। उत्तर भारत में नए वर्ष की शुरुआत कड़ाके की ठंड और शीतलहर के साथ हो सकती है। पहाड़ों पर लगातार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का असर मैदानी इलाकों में पड़ेगा।

मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के चलते अगले तीन-चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आएगी और पंजाब से लेकर बिहार तक कई राज्यों में शीतलहर, सर्द दिन और घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। दिसंबर के अंत और जनवरी की शुरुआत में बारिश के बाद ठंड और तेज होने के आसार हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर में पहाड़ों पर लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं। एक की स्थिति अभी हिमाचल के पास है। दूसरा शनिवार को सक्रिय होगा, जबकि 30 दिसंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ के पहाड़ों पर पहुंचने की संभावना है।

इसके चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रहेगी। यह सिलसिला एक जनवरी तक चलता रह सकता है। पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानों में ठंडी हवाओं के रूप में देखने को मिलेगा, जिससे न्यूनतम तापमान तेजी से गिरेगा।

दिल्ली और आसपास के इलाकों में हवा की गति थोड़ी तेज है। इसके चलते दो-तीन दिनों तक मौसम साफ रहने और दिन में धूप खिलने की संभावना है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। 28 दिसंबर तक सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। न्यूनतम तापमान पांच से सात डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। इसके बाद दिसंबर के अंत और जनवरी के पहले सप्ताह में कोहरा और घना हो सकता है।

पंजाब और हरियाणा में शीतलहर के साथ घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। कई क्षेत्रों में सुबह में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रह सकती है। 30 दिसंबर तक इन राज्यों में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। कुछ क्षेत्रों में पाला गिरने की भी आशंका जताई गई है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 दिसंबर तक घना कोहरा की चेतावनी है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं शनिवार तक शीतलहर की स्थिति बन सकती है। बिहार में 27 से 30 दिसंबर के बीच घना कोहरा, सर्द दिन और शीतलहर का असर रहेगा। रात-सुबह में ठंड अधिक सताएगी।

मध्य प्रदेश के उत्तरी जिलों और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी तापमान में गिरावट शुरू हो चुकी है। कहीं-कहीं कोहरा छाने लगा है। आने वाले दिनों में ठंड बढ़ सकती है।

Tags:    

Similar News