50 करोड़ का सोना, 1.5 करोड़ कैश... नेपाल बाढ़ में बह गया बैंक का खजाना, मलबे से निकला करोड़ों का माल

नेपाल में भीषण बाढ़ के बीच पुलिस ने बैंक की त्रिशूली धुंगे शाखा से 1.5 करोड़ नेपाली रुपये नकद और करीब 50 करोड़ रुपये का सोना सुरक्षित बरामद किया। राहत-बचाव अभियान जारी है।;

Update: 2026-08-31 11:15 GMT
काठमांडू। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने देश में जारी प्राकृतिक आपदा के बीच राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि रसुवा की भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ से भारी जन-धन और संपत्ति का नुकसान हुआ है। खराब मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सुरक्षाबल लगातार अभियान चला रहे हैं।

इसी अभियान के दौरान नेपाल पुलिस ने त्रिशूली धुंगे स्थित एग्रीकल्चर डेवलपमेंट बैंक की शाखा से बड़ी मात्रा में नकदी और सोना बरामद किया। पुलिस टीम ने लगभग आठ घंटे तक अभियान चलाकर करीब 1.5 करोड़ नेपाली रुपये नकद, लगभग 50 करोड़ रुपये मूल्य का सोना और महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित स्थान तक पहुंचाए।

हजारों लोगों को सुरक्षित निकाला गया

प्रधानमंत्री के मुताबिक, अब तक 9,435 लोगों को हवाई और सड़क मार्ग से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। राहत एवं बचाव अभियान के लिए 394 उड़ानें संचालित हुई हैं। प्रभावित क्षेत्रों में नेपाली सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल के 20,618 सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।

जलविद्युत परियोजना क्षेत्रों से सेना के हेलीकॉप्टरों की मदद से 279 लोगों को निकाला गया है। वहीं भारतीय विशेषज्ञों की सहायता से रसुवा में अपर त्रिशूली-1 परियोजना के आसपास दो दिनों में करीब 250 लोगों का रेस्क्यू किया गया।

सुरंगों में फंसे लोगों की तलाश जारी

नुवाकोट की अपर त्रिशूली-3ए जलविद्युत परियोजना की सुरंग में भी खोज एवं बचाव अभियान जारी है। नेपाली सेना के इंजीनियर ब्लास्टिंग और भारी उपकरणों की मदद से सुरंग तक पहुंचने का रास्ता खोल रहे हैं। करीब 90 सदस्यों की संयुक्त टीम अभियान में जुटी है।

सुरंग में करीब 2×3 फीट का रास्ता बनाया गया था, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बावजूद रास्ता चौड़ा करने और मलबा हटाने का काम जारी है। भारत के विशेषज्ञ दल भी नेपाली सेना के साथ मिलकर विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं में बचाव अभियान में सहयोग कर रहे हैं।

267 घायलों का इलाज, राहत केंद्रों में हजारों लोग

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से 267 घायलों को निकालकर अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से 156 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी मिल चुकी है। रसुवा और नुवाकोट में 26 अस्थायी राहत एवं आश्रय केंद्र चलाए जा रहे हैं, जहां हजारों प्रभावित लोगों को भोजन और जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

भारत से अब तक चार चरणों में 68.5 टन मानवीय सहायता और दवाएं नेपाल पहुंच चुकी हैं। भारत ने मॉड्यूलर स्टील ब्रिज के साथ अतिरिक्त बेली ब्रिज उपलब्ध कराने की भी प्रतिबद्धता जताई है। इसके अलावा अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक समेत कई देशों और संस्थाओं ने आर्थिक मदद का भरोसा दिया है।

संचार व्यवस्था बहाल करने की कोशिश

बाढ़ से नेपाल टेलीकॉम और एनसेल के कई टावर प्रभावित हुए थे। अधिकारियों के अनुसार बड़ी संख्या में टावर दोबारा चालू किए जा चुके हैं। प्रभावित क्षेत्रों में सैटेलाइट फोन भी भेजे गए हैं, ताकि राहत और बचाव दलों के बीच संपर्क बना रहे।

Tags:    

Similar News