मुंबई के घाटकोपर में भूस्खलन से बड़ा हादसा, 2 की मौत; 6-8 लोगों के दबे होने की आशंका
मुंबई के घाटकोपर के चिराग नगर में भारी बारिश के बीच भूस्खलन से चॉल पर पहाड़ का हिस्सा गिर गया। हादसे में दो लोगों की मौत और 6-8 लोगों के दबे होने की आशंका है।;
तड़के करीब चार बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, भूस्खलन की घटना सुबह करीब चार बजे हुई। बताया जा रहा है कि मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्र की मिट्टी कमजोर हुई और इसका एक हिस्सा चॉल पर आ गिरा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से शुरुआती बचाव कार्य शुरू किया गया, जिसके बाद पुलिस और आपदा राहत टीमें मौके पर पहुंचीं।
एनडीआरएफ की टीमें मलबा हटाने में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही महाराष्ट्र पुलिस और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। राहत कार्य में मशीनों की मदद भी ली जा रही है। मौके पर एंबुलेंस तैनात हैं, ताकि घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सके।
बीएमसी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों के शव अस्पताल पहुंचाए जा चुके हैं। दो घायलों की भी पहचान हुई है। इनमें 18 वर्षीय सोहेल अंसारी और 14 वर्षीय मोहम्मद अंसारी शामिल हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भारी बारिश से बढ़ी मुश्किलें
मुंबई में पिछले कुछ समय से भारी बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और यातायात संबंधी परेशानियां सामने आई हैं। ऐसे में घाटकोपर में हुए भूस्खलन ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
मुंबई की मेयर रितु तावड़े भी घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है।