व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्ट्राग्राम पर लग सकता है चार्ज, Meta ला सकती है नए पेड सब्सक्रिप्शन प्लान
Meta जल्द ही WhatsApp, Facebook और Instagram के लिए नए पेड सब्सक्रिप्शन प्लान ला सकती है। Meta Plus के तहत यूजर्स को प्रीमियम फीचर्स और एडवांस कस्टमाइजेशन की सुविधा मिल सकती है।;
नई दिल्ली। दुनिया की सबसे बड़ी सोशल मीडिया कंपनियों में शामिल Meta अब अपने प्लेटफॉर्म्स WhatsApp, Facebook और Instagram के लिए बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है। अब तक ये सभी ऐप्स पूरी तरह मुफ्त सेवाएं देते रहे हैं, लेकिन जल्द ही कुछ खास फीचर्स के लिए यूजर्स को पैसे चुकाने पड़ सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी नए प्रीमियम सब्सक्रिप्शन प्लान लॉन्च करने पर काम कर रही है, जिनके जरिए एडवांस फीचर्स उपलब्ध कराए जाएंगे।
Meta Plus नाम से आ सकता है नया प्लान
जानकारी के अनुसार, Meta “Meta Plus” नाम से नया सब्सक्रिप्शन मॉडल पेश कर सकती है। इसके तहत Instagram Plus और Facebook Plus की कीमत लगभग 3.99 डॉलर प्रति महीना रखी जा सकती है, जबकि WhatsApp Plus के लिए करीब 2.99 डॉलर मासिक शुल्क लिया जा सकता है। भारतीय यूजर्स के लिए यह कीमत करीब 250 से 350 रुपये के बीच हो सकती है।
हालांकि कंपनी बेसिक फीचर्स को पहले की तरह मुफ्त ही रख सकती है। यानी सामान्य चैटिंग, पोस्ट शेयरिंग और मैसेजिंग सेवाओं पर फिलहाल कोई असर नहीं पड़ेगा। लेकिन एडवांस फीचर्स का इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को सब्सक्रिप्शन लेना पड़ सकता है।
Instagram और Facebook में मिल सकते हैं खास फीचर्स
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि Instagram Plus और Facebook Plus में कई एक्सक्लूसिव फीचर्स दिए जा सकते हैं। इनमें स्टोरी को कितनी बार दोबारा देखा गया, इसकी जानकारी मिलने का विकल्प शामिल हो सकता है। इसके अलावा यूजर्स को अनलिमिटेड ऑडियंस लिस्ट, लंबे समय तक स्टोरी लाइव रखने और गुप्त रूप से स्टोरी देखने जैसी सुविधाएं मिल सकती हैं।
Meta प्रोफाइल कस्टमाइजेशन पर भी जोर दे सकती है। इसके तहत प्रीमियम यूजर्स को विशेष थीम्स, एनिमेटेड रिएक्शन और प्रोफाइल डिजाइन फीचर्स दिए जा सकते हैं। कंटेंट क्रिएटर्स के लिए “वीकली स्पॉटलाइट बूस्ट” जैसे टूल्स भी उपलब्ध कराए जा सकते हैं, जिससे उनकी पोस्ट और रील्स की रीच बढ़ सके।
WhatsApp Plus में होगा ज्यादा पर्सनलाइजेशन
WhatsApp के प्रीमियम वर्जन में यूजर्स को कस्टम थीम्स, एक्सक्लूसिव स्टिकर्स और अलग-अलग चैट्स के लिए अलग रिंगटोन सेट करने जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। इसके अलावा चैट ऑर्गनाइजेशन को बेहतर बनाने और पिन चैट्स की सीमा बढ़ाने जैसे विकल्प भी शामिल हो सकते हैं।
कंपनी WhatsApp को सिर्फ मैसेजिंग ऐप से आगे ले जाकर एक ज्यादा पर्सनलाइज्ड और प्रीमियम अनुभव देने की दिशा में काम कर रही है।
AI और डेटा सेंटर पर बढ़ रहा निवेश
विशेषज्ञों के मुताबिक, Meta का यह कदम केवल अतिरिक्त कमाई तक सीमित नहीं है। कंपनी इस समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), बड़े डेटा सेंटर और नई टेक्नोलॉजी पर भारी निवेश कर रही है। ऐसे में विज्ञापनों के अलावा सब्सक्रिप्शन मॉडल से भी आय बढ़ाने की रणनीति अपनाई जा रही है।
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि भविष्य में “Meta One” नाम का बंडल प्लान भी लॉन्च हो सकता है। इसमें AI टूल्स, क्रिएटर फीचर्स और बिजनेस यूजर्स के लिए प्रीमियम सेवाएं शामिल हो सकती हैं।