दिवाली-छठ पर घर जाने वालों को राहत, रेलवे चलाएगा हजारों स्पेशल ट्रेन फेरे; जानें यूपी-बिहार का प्लान

दिवाली और छठ पूजा 2026 पर रेलवे ने 3.4 लाख नियमित ट्रेन फेरे निर्धारित किए हैं। जानें यूपी, बिहार और दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेन सेवाओं की पूरी जानकारी।;

Update: 2026-10-14 06:51 GMT

नई दिल्ली। दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी तैयारी की है। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को संभालने के लिए रेलवे नियमित सेवाओं के साथ हजारों अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन फेरे चलाने की योजना पर काम कर रहा है। रेलवे के मुताबिक, 1 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक कुल 3.4 लाख नियमित ट्रेन फेरे निर्धारित किए गए हैं। वहीं, 13 अक्टूबर तक 8,454 स्पेशल ट्रेन फेरे अधिसूचित किए जा चुके हैं।

पिछले साल से ज्यादा नियमित ट्रेन फेरे

रेलवे के अनुसार, इस साल त्योहारों के मौसम में नियमित ट्रेनों के 3.4 लाख फेरे निर्धारित हैं, जबकि पिछले साल यह संख्या करीब 3.3 लाख थी। इस तरह यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए 16 हजार से अधिक अतिरिक्त नियमित सेवा फेरे जोड़े गए हैं।

रेल मंत्रालय के मुताबिक, नियमित समय-सारिणी ही त्योहारी यात्रा व्यवस्था का मुख्य आधार रहेगी। इसके अतिरिक्त विशेष ट्रेनों और नई सेवाओं के जरिए यात्रियों को अधिक विकल्प देने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, टिकट की उपलब्धता संबंधित ट्रेन, तारीख और रूट पर निर्भर करेगी।

यूपी-बिहार जाने वालों के लिए हजारों ट्रेन फेरे

दिवाली और छठ के दौरान उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे ने इन राज्यों के लिए बड़ी संख्या में नियमित ट्रेन फेरे निर्धारित किए हैं।

रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक:

उत्तर प्रदेश: 37 हजार से अधिक नियमित ट्रेन फेरे

बिहार: 31 हजार से अधिक नियमित ट्रेन फेरे

पश्चिम बंगाल: 27 हजार से अधिक नियमित ट्रेन फेरे

इन सेवाओं का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाना और ट्रेनों में अतिरिक्त दबाव कम करना है।

दुर्गा पूजा के लिए पश्चिम बंगाल को 49 स्पेशल ट्रेनें

दुर्गा पूजा के दौरान पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए 13 से 20 अक्टूबर 2026 के बीच 49 विशेष ट्रेनों की योजना बनाई गई है। इनमें उत्तर रेलवे क्षेत्र से 27, दक्षिण रेलवे क्षेत्र से 14 और पश्चिम रेलवे क्षेत्र से 8 ट्रेनों की हिस्सेदारी बताई गई है।

इन सेवाओं से हावड़ा, कोलकाता, सियालदह, संतरागाछी, शालीमार, मालदा टाउन, आसनसोल और न्यू जलपाईगुड़ी जैसे प्रमुख स्टेशनों को जोड़ने की योजना है।

बिहार के लिए सबसे ज्यादा स्पेशल ट्रेन फेरे

13 अक्टूबर तक अधिसूचित विशेष ट्रेन फेरों के राज्यवार आंकड़ों में बिहार सबसे आगे है। इसके बाद उत्तर प्रदेश और दिल्ली का स्थान है।

बिहार: 2,057 स्पेशल ट्रेन फेरे

उत्तर प्रदेश: 1,056 स्पेशल ट्रेन फेरे

दिल्ली: 975 स्पेशल ट्रेन फेरे

महाराष्ट्र: 836 स्पेशल ट्रेन फेरे

पश्चिम बंगाल: 464 स्पेशल ट्रेन फेरे

अतिरिक्त कोच भी बढ़ाए गए

रेलवे ने नियमित ट्रेनों में यात्रियों के लिए जगह बढ़ाने के उद्देश्य से पिछले साल की तुलना में 412 अतिरिक्त कोच स्थायी रूप से बढ़ाए हैं। इनमें 75 जनरल श्रेणी के कोच भी शामिल हैं। रेलवे का कहना है कि यात्रियों की मांग और परिचालन जरूरतों के अनुसार आगे भी अतिरिक्त सेवाएं अधिसूचित की जा सकती हैं।

Tags:    

Similar News