दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में 3 दिन बारिश का अलर्ट, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी

IMD Weather Update के मुताबिक दिल्ली-NCR, यूपी, पंजाब, हरियाणा और कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट। जानें अगले दिनों के मौसम का हाल।;

Update: 2026-10-13 10:38 GMT

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के बाद भी देश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ समेत उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 14 और 15 अक्टूबर को कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की आशंका भी जताई गई है। खराब मौसम से फसलों, बिजली के ढांचे और सामान्य जनजीवन पर असर पड़ सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम, तेज हवाओं का अलर्ट

IMD के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदल रहा है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण और ऊपरी वायुमंडल में बनी द्रोणिका मौसम को प्रभावित कर रही है।

मौसम विभाग ने 13 से 15 अक्टूबर के बीच दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी आशंका है।

दिल्ली-NCR में कब होगी बारिश?

दिल्ली-NCR में 13 और 14 अक्टूबर को आसमान साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। इसके बाद 15 और 16 अक्टूबर को गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम बदलने के कारण तापमान में भी गिरावट आ सकती है। 16 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 14 और 15 अक्टूबर को बारिश तथा कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।

पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश की आशंका

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 15 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है, जबकि 14 अक्टूबर को भी भारी बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 14 और 15 अक्टूबर को भारी बारिश का पूर्वानुमान है। उत्तराखंड में 13 से 19 अक्टूबर के बीच बारिश और 15 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है।

राजस्थान में पश्चिमी हिस्सों में 13 से 15 अक्टूबर और पूर्वी हिस्सों में 16 अक्टूबर तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक की संभावना है।

यूपी से पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक बारिश

उत्तर प्रदेश में 13 से 15 अक्टूबर के बीच पश्चिमी जिलों और 15-16 अक्टूबर को पूर्वी जिलों में बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भी अलग-अलग दिनों में बारिश का अनुमान है। पूर्वोत्तर के राज्यों में गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई हिस्सों में 14 से 18 अक्टूबर के बीच भारी बारिश हो सकती है। IMD के मुताबिक, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में उत्तर-पूर्व मानसून की बारिश शुरू होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं।

खराब मौसम में सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को आंधी-तूफान के दौरान घर के अंदर रहने, पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और बिजली के उपकरणों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें और स्थानीय मौसम चेतावनियों पर नजर रखें।

Tags:    

Similar News