दिल्ली में आज होगी बारिश? विदाई से पहले फिर एक्टिव हुआ मॉनसून, 18 राज्यों में IMD का अलर्ट
दिल्ली समेत 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। IMD के मुताबिक यूपी-बिहार में बाढ़ जैसे हालात के बीच 13 से 16 सितंबर तक कई राज्यों में बारिश जारी रह सकती है।;
दिल्ली में दो दिन बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 13 से 16 सितंबर तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान सुबह और शाम के समय कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। प्रगति मैदान, मयूर विहार, आईटीओ और सफदरजंग समेत दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश के आसार हैं।
बारिश होने पर राजधानी के तापमान में भी मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि, लगातार बादल और उमस के बीच मौसम में ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
18 राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD के मुताबिक रविवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में बारिश हो सकती है। महाराष्ट्र के मुंबई और आसपास के कई इलाकों में सुबह से बारिश का दौर जारी रहने की जानकारी है।
मॉनसून की सक्रियता के कारण कई राज्यों में नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में लगातार बारिश ने स्थानीय प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है।
यूपी-बिहार में बाढ़ जैसे हालात
उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। यूपी के करीब 26 जिलों में बाढ़ का असर बताया गया है। प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र और जौनपुर समेत कई जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है।
बिहार में पटना, छपरा और भागलपुर समेत कई जिलों में भी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक 13 से 16 सितंबर के बीच दोनों राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे नदी किनारे के इलाकों में मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
उत्तराखंड और हिमाचल में भी मौसम खराब
पहाड़ी राज्यों में बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा के पैदल मार्ग पर फिलहाल आवाजाही प्रभावित है और यात्रियों को रुद्रप्रयाग तथा गौरीकुंड में रोके जाने की जानकारी है। रुद्रप्रयाग, चंपावत, बागेश्वर, हरिद्वार, ऋषिकेश और चमोली में बारिश के आसार हैं।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मनाली, शिमला, मंडी और सोलन में भी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में भी मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी में बना नया सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में नया मौसम तंत्र सक्रिय हुआ है। इसके अलावा दक्षिण ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटों के आसपास दबाव की स्थिति बन रही है। इन सिस्टम के कारण नमी वाली हवाओं का प्रभाव बढ़ा है, जिससे देश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।