बंगाल में चुनाव से पहले आईटी की कार्रवाई, टीएमसी विधायक देबाशीष कुमार पर कसा शिकंजा, कोलकाता में घर-दफ्तर छापेमारी

कोलकाता में चुनाव से ठीक पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायक देबाशीष कुमार के ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई ने सियासी माहौल गरमा दिया है।;

Update: 2026-04-17 05:02 GMT
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के शोर के बीच केंद्रीय जांच एजेंसियों की सक्रियता ने राज्य की राजनीति को गर्मा दिया है। शुक्रवार तड़के आयकर विभाग (आइटी) की टीम ने रासबिहारी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार और निवर्तमान विधायक देवाशीष कुमार के आवास समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।

छापेमारी और घेराबंदी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दक्षिण कोलकाता के मनोहरपुकुर रोड स्थित देवाशीष कुमार के आवास पर सुबह-सुबह आयकर अधिकारी केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ पहुंचे। इसके साथ ही उनके चुनाव कार्यालय और मोतीलाल नेहरू रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर भी दबिश दी गई। छापेमारी के वक्त देवाशीष कुमार अपने घर पर ही मौजूद थे।

पार्टी कार्यालय में तनाव, 'फाइल चोरी' का आरोप

मोतीलाल नेहरू रोड स्थित पार्टी कार्यालय में छापेमारी को लेकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। तृणमूल कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि आयकर अधिकारियों ने बिना बताए ताला तोड़कर प्रवेश किया और वहां रखे चुनाव संबंधी महत्वपूर्ण दस्तावेजों (बीएलए और एजेंट फाइल्स) की फोटोकापी की। समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि यह विपक्षी उम्मीदवार स्वप्न दासगुप्ता को फायदा पहुंचाने के लिए फाइलों की चोरी करने की एक गहरी साजिश है।

ईडी के रडार पर भी रहे हैं कुमार

गौरतलब है कि देवाशीष कुमार पिछले कुछ दिनों से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के रडार पर भी हैं। उन्हें भूमि अतिक्रमण से जुड़े एक मामले में इसी माह में ही तीन बार (1, 3 और 9 अप्रैल) साल्टलेक स्थित सीजीओ कांप्लेक्स में पूछताछ के लिए तलब किया था। इधर, भाजपा ने इन आरोपों को निराधार बताया है।

Tags:    

Similar News