Hormuz Strait: एलपीजी गैस लेकर गुजरात पहुंचा एक और भारतीय जहाज, कई दिनों से होर्मुज में फंसा था
होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसा भारतीय जहाज ‘जग वसंत’ आखिरकार गुजरात के बंदरगाह पहुंच गया। ईरान संकट के बीच एलपीजी लेकर पहुंचे इस जहाज की सुरक्षित वापसी से राहत मिली है।
नई दिल्ली। ईरान युद्ध और होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने के चलते कई दिनों से फंसा भारतीय झंडे वाला जहाज जग वसंत भारत पहुंच गया है। भारतीय झंडे वाला जहाज शुक्रवार सुबह गुजरात के बंदरगाह पर पहुंचा। बीते दिनों भारतीय झंडे वाले दो जहाजों पाइन गैस और जग वसंत ने होर्मुज जलडमरूमध्य को पार किया था। शिप ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, बीते सोमवार को इन दोनों जहाजों को ईरान के लारक और केश्म द्वीपों के बीच देखा गया था।
ये दोनों जहाज उन 22 भारतीय जहाजों में शामिल थे, जो पश्चिम एशिया में युद्ध के चलते होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे हुए थे। युद्ध के चले ईरान ने होर्मुज को आंशिक रूप से बाधित कर दिया है, जिसके चलते पूरी दुनिया में तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है। जहाज जग वसंत और पाइन गैस पर 92,612 मीट्रिक टन एलपीजी गैस भरी हुई है। जहाज जग वसंत पर 33 भारतीय नाविक सवार हैं और पाइन गैस पर 27 भारतीय नाविक सवार हैं।
अब तक कितने टैंकर भारत पहुंचे?
ईरान-अमेरिका तनाव से होर्मुज रास्ता बाधित होने के बावजूद भारत के चार महत्वपूर्ण तेल टैंकर सुरक्षित पहुंच चुके हैं। ईरान द्वारा विशेष अनुमति मिलने से ये जहाज पार हो सके। MT शिवालिक (LPG) 16 मार्च को मुंद्रा बंदरगाह पहुंचा, जबकि MT नंदा देवी (LPG) 17 मार्च को कांडला में उतरा। जग लाडकी (81,000 टन कच्चा तेल) 18 मार्च मुंद्रा आया। लाइबेरिया फ्लैग Shenlong सऊदी क्रूड लेकर 11 मार्च के आसपास मुंबई पहुंचा।
युद्ध में क्या हैं ताजा अपडेट?
युद्ध का 28 दिन बीत चुका है. शुक्रवार को अमेरिका-इजरायल का ईरान के साथ युद्ध का 29वां दिन है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह फिलहाल अगले दस दिनों तक ईरान के एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर पर हमला नहीं करेंगे।