दिल्ली में पुलिसकर्मियों पर हमला, आंखों में मिर्च पाउडर डाला; ईंट-डंडों से भी की मारपीट, हमले का वीडियो वायरल

दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में बाइक जब्ती के विवाद के बाद पुलिसकर्मियों पर हमले का आरोप है। मिर्च पाउडर डालने और ईंट-डंडों से मारपीट के मामले में एक नाबालिग पकड़ा गया।;

Update: 2026-08-23 05:19 GMT

नई दिल्ली। दिल्ली के भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों पर हमले का मामला सामने आया है। मुकुंदपुर के जनता विहार इलाके में बाइक जब्त किए जाने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाला और ईंट-डंडों से हमला किया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

बिना दस्तावेज वाली बाइक जब्त करने के बाद शुरू हुआ विवाद

घटना 22 अगस्त को दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में तैनात बीट स्टाफ के हेड कॉन्स्टेबल दिनेश और हेड कॉन्स्टेबल राजेश इलाके में पेट्रोलिंग और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने एक ऐसी बाइक को जब्त किया, जिसके पास जरूरी वैध दस्तावेज नहीं थे। बाइक को कार्रवाई के बाद थाने में जमा करा दिया गया।

इसके कुछ समय बाद करीब साढ़े तीन बजे बाइक मालिक और उसके परिवार के कुछ लोग पुलिसकर्मियों से कार्रवाई का विरोध करने पहुंचे। देखते ही देखते मामला विवाद में बदल गया।

पुलिसकर्मियों पर मिर्च पाउडर डालने का आरोप

पुलिस का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद ईंट और डंडों से उन पर हमला किया गया। पुलिसकर्मियों को बचाने और मौके पर स्थिति संभालने पहुंचे हेड कॉन्स्टेबल टीनू पर भी कथित तौर पर हमला किया गया।

घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। सभी घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस अब घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

एक नाबालिग हिरासत में, मुख्य आरोपी फरार

घटना के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से 17 वर्षीय एक नाबालिग को पकड़ा गया। हालांकि, अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में फरार बताए जा रहे मुख्य आरोपी सुनील उर्फ पंकज का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं, जिनमें दो मामले एनडीपीएस एक्ट से जुड़े हैं।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में उपलब्ध वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News