CTET सितंबर 2026 परीक्षा स्थगित, आवेदन का फिर मिला मौका; 1 सितंबर तक कर सकेंगे अप्लाई

CTET सितंबर 2026 परीक्षा स्थगित कर दी गई है। CBSE ने आवेदन विंडो फिर खोली है। पात्र उम्मीदवार 1 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि नई परीक्षा तिथि बाद में घोषित होगी।;

Update: 2026-08-25 10:11 GMT

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) सितंबर 2026 को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है। 6 सितंबर 2026 को प्रस्तावित CTET परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। परीक्षा की नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी। साथ ही, जो पात्र उम्मीदवार पहले आवेदन नहीं कर पाए थे, उन्हें दोबारा आवेदन करने का अवसर दिया गया है।

1 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन

सीबीएसई के मुताबिक CTET सितंबर 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल 25 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक दोबारा खुला रहेगा। ऐसे उम्मीदवार जो पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके थे, वे आधिकारिक वेबसाइट ctet.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

बोर्ड ने यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के उस निर्देश के बाद लिया है, जिसमें पात्र शिक्षकों को निर्धारित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की योग्यता हासिल करने के लिए उचित और पर्याप्त अवसर देने की जरूरत पर जोर दिया गया था। उम्मीदवारों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए आवेदन का एक और मौका दिया गया है।

पहले आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को राहत

सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि जिन उम्मीदवारों ने पहले ही CTET के लिए सफलतापूर्वक आवेदन जमा कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। परीक्षा की संशोधित तारीख आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद घोषित की जाएगी। ऐसे में पुराने आवेदकों को नए सिरे से फॉर्म भरने की जरूरत नहीं होगी।

31 अगस्त 2028 तक TET पास करना जरूरी

सेवारत शिक्षकों के लिए TET की अनिवार्यता को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद देशभर में यह मुद्दा महत्वपूर्ण बना हुआ है। कई राज्यों में ऐसे शिक्षक हैं जो वर्षों से बिना TET योग्यता के सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर TET पास करना होगा। जानकारी के मुताबिक, 31 अगस्त 2028 तक TET योग्यता हासिल करना जरूरी होगा। हालांकि, जिन शिक्षकों की सेवा में पांच साल से कम अवधि बची है, उन्हें कुछ राहत दी गई है, लेकिन पदोन्नति के लिए TET की योग्यता जरूरी रहेगी।

उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में इस फैसले के खिलाफ पुनर्विचार याचिकाएं भी दायर की गई हैं। यूपी में बड़ी संख्या में शिक्षकों के सामने इस नियम के कारण नौकरी और प्रमोशन से जुड़ी चिंताएं बनी हुई हैं।

CTET में कितने अंक जरूरी?

CTET में सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 150 में कम से कम 90 अंक यानी 60 प्रतिशत अंक हासिल करने होते हैं। वहीं SC, ST और आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत यानी 82 अंक निर्धारित हैं।

कहां मिलती है नौकरी की पात्रता?

CTET का पेपर-1 पास करने वाले उम्मीदवार कक्षा 1 से 5 तक और पेपर-2 पास करने वाले अभ्यर्थी कक्षा 6 से 8 तक शिक्षक भर्ती के लिए पात्र माने जाते हैं। CTET योग्य उम्मीदवार केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय और अन्य केंद्रीय शिक्षण संस्थानों में शिक्षक पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।

Tags:    

Similar News