पेट्रोल-डीजल के बाद अब CNG भी हुई महंगी, विपक्ष ने सरकार को घेरा

पेट्रोल, डीजल के बाद अब दिल्ली में सीएनजी भी महंगा हो गया है। पहले पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तीन-तीन रुपए की बढ़ोतरी हुई थी, वहीं अब सीएनजी के दाम 2 रुपए प्रति किलो बढ़ गए हैं।;

Update: 2026-05-15 03:54 GMT

नई दिल्ली। 15 मई की सुबह-सुबह आम जनता को बड़ा झटका लगा है। पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ गए हैं, वहीं सीएनजी भी महंगा हो गया है। दिल्ली में सीएनजी की कीमत 2 रुपए प्रति किलो बढ़ गई है। इसी के साथ अब सीएनजी की नई कीमत 79.09 रुपए प्रति किलो हो गई है। इससे पहले मुंबई में सीएनजी के दाम बढ़ाई गए थे।

मुंबई में भी CNG 2 रुपये महंगा हुआ था। जिसके बाद सीएनजी की कीमत 82 रुपये से बढ़कर अब 84 रुपये कर दी गई थी। सीएनजी की बढ़ी हुई नई कीमतें 14 मई से लागू हो चुकी हैं। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी महंगे होने की खबर सामने आते ही लोग पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए हैं। दिल्ली के कई पेट्रोल पंप पर भारी भीड़ देखने को मिली।

पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ाने की जरूरत क्यों पड़ी

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को बताया था कि कच्चे तेल कीमतों में तेज उछाल और अंडर रिकवरी के चलते ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को रोजाना लगभग 1,000 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। यह अंडर रिकवरी लगभग 1.98 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि तिमाही घाटा करीब 1 लाख करोड़ रुपये है। दूसरी ओर क्रूड ऑयल के दाम पहले के 64-65 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर लगभग 115 डॉलर पर पहुंच गए हैं। पुरी ने यह भी बताया कि भारत दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है, जिसने 2022 के बाद से ईंधन की कीमतें नहीं बढ़ाई हैं।

देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल और डीजल के नए रेट क्या हैं?

देश की राजधानी नई दिल्ली में इस ताजा बढ़ोतरी के बाद आम ग्राहकों की जेब सबसे ज्यादा ढीली होने वाली है। तेल कंपनियों द्वारा तीन रुपये प्रति लीटर की सीधी वृद्धि किए जाने के बाद अब दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल की नई कीमत 97.77 रुपये हो गई है। वहीं, अगर हम डीजल की बात करें, तो दिल्ली में अब एक लीटर डीजल के लिए आम ग्राहकों को 90.67 रुपये की कीमत चुकानी होगी। यह बढ़ोतरी राजधानी के लाखों वाहन चालकों और आम जनता के लिए एक बड़ा झटका है।

पेट्रोल, डीजल और CNG महंगा करने पर सरकार का घेराव

कांग्रेस ने पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दाम बढ़ने को लेकर सरकार का घेराव किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस ने लिखा- 'महंगाई मैन मोदी ने आज फिर जनता पर हंटर चलाया। पेट्रोल और डीजल 3-3 रुपए महंगा कर दिया गया। वहीं, CNG के दाम भी 2 रुपए बढ़ा दिए गए। चुनाव खत्म, मोदी की वसूली शुरू।' कांग्रेस नेता कुमारी सेलजा ने आरोप लगाते हुए कहा, 'चुनाव खत्म होते ही भाजपा सरकार ने जनता को महंगाई का तोहफा दे दिया। अब पेट्रोल और डीजल पर 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर आम आदमी की जेब पर सीधा हमला किया गया है। चुनाव तक राहत का दिखावा। चुनाव के बाद जनता पर बोझ डालना भाजपा सरकार की पहचान बन चुका है।'

बंगाल में वैट कम करने की मांग

टीएमसी नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, 'पहले वो आपका वोट लूटते हैं, फिर आपको वहां लात मारते हैं जहां दर्द होता है। इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ गए हैं। क्या बंगाल सरकार पेट्रोल और डीजल पर वैट कम करेगी, अब जब दिल्ली के कंट्रोल वाली सरकार है जिसे केंद्र के फंड रोके जाने की चिंता नहीं करनी पड़ती?'

प्रियंका चतुर्वेदी ने तंज कसते हुए लिखा, 'रुपया, डीजल और पेट्रोल.. कौन पहले सेंचुरी पार करेगा?' वहीं, पेट्रोल-डीजल महंगा होने पर बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने प्रतिक्रया दी। उन्होंने कहा, 'पिछले 3 साल से दुनिया में जंग चल रही है। इसकी वजह से दूसरे देशों में कई तरह के संकट पैदा हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने हमारा कुछ नहीं बिगड़ने दिया। सिर्फ गैस के दाम बढ़े हैं। कम से कम दाम तो कम से कम बढ़ाए हैं।'

Tags:    

Similar News