CJP का संसद मार्ग थाने पर बड़ा प्रदर्शन, निशु के पिता को न्याय दिलाने की मांग; चंद्रशेखर आजाद भी पहुंचे

सीजेपी कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर प्रदर्शन में संजय कुमार आजाद से कथित मारपीट के मामले में दिल्ली के संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन किया। चंद्रशेखर आजाद भी पहुंचे।;

Update: 2026-09-04 06:45 GMT

नई दिल्ली। काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रा निशु के पिता संजय कुमार आजाद से कथित मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका सैकड़ों समर्थकों के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। इसी दौरान आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद भी प्रदर्शन को समर्थन देने संसद मार्ग थाने पहुंचे।

वायरल वीडियो के बाद फिर गरमाया मामला

यह विवाद एक वायरल पॉडकास्ट वीडियो के बाद दोबारा चर्चा में आया। वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज नामक व्यक्ति कथित तौर पर संजय कुमार आजाद के साथ मारपीट करने का दावा करता दिखाई देता है। वीडियो में कथित तौर पर राजनीतिक संपर्क का भी जिक्र किया गया है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

CJP नेताओं का आरोप है कि वीडियो सामने आने के बावजूद पुलिस ने मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की। आशुतोष रांका ने कहा कि संगठन निशु और उनके पिता के साथ खड़ा है और पुलिस से मामले में गंभीर धाराएं लगाने की मांग की जाएगी।

पुलिस ने आरोपों को किया खारिज

दिल्ली पुलिस ने राजनीतिक दबाव के आरोपों को खारिज किया है। नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा के मुताबिक, जंतर-मंतर पर हुई हाथापाई के दौरान कथित हमलावरों में से एक के हाथ में पहने कड़े से संजय के सिर पर चोट लगी थी।

पुलिस के अनुसार, संजय को आरएमएल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी चोटों को मामूली बताया गया। संसद मार्ग थाने में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि सूरज कुमार और स्वतंत्र भारद्वाज को मौके से हिरासत में लिया गया था। बाद में दोनों को नोटिस देकर पूछताछ की गई।

थाने के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा

सीजेपी कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ने के बाद संसद मार्ग थाने के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। प्रदर्शनकारी लगातार कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी। वहीं, सीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया है कि कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। प्रदर्शन के दौरान संगठन ने संजय कुमार आजाद और उनकी बेटी निशु के लिए न्याय की मांग दोहराई।

Tags:    

Similar News