तमिलनाडु में अब बनेगी ‘विजय सरकार’, बहुमत का आंकड़ा पार; कांग्रेस के बाद तीन छोटे दलों ने भी दिया समर्थन
इन तीनों दलों के समर्थन देने के बाद अब थलापति विजय को कुल 118 विधायकों का समर्थन हासिल हो गया है जो 234 सदस्यों वाली विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा है।;
चेन्नई। Tamil Nadu Government Formation Update: दक्षिणी राज्य तमिलनाडु में नई सरकार के गठन पर बड़ी खबर सामने आई है। दो दिनों की सियासी रस्साकसी के बाद सूत्रों के हवाले से खबर आई है कि CPM, CPI और VCK ने थलापति विजय की अगुवाई वाली TVK का समर्थन देने का फैसला किया है। इन तीन दलों के समर्थन देने से अब राज्य में नई सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि इसी सिलसिले में विजय आज तीसरे दिन तीसरी बार राज्यपाल से मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात शाम 4.30 बजे के करीब होनी है।बता दें कि इन तीनों दलों के समर्थन देने के बाद अब विजय को कुल 118 विधायकों का समर्थन हासिल हो गया है जो 234 सदस्यों वाली विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा है। TVK के पास 107 विधायक हैं। विजय दो सीटों से चुनाव जीते हैं, इसलिए एक सीट छोड़नी होगी। इनके अलावा कांग्रेस के पांच विधायक हैं, जो पहले ही समर्थन दे चुकी है। आज समर्थन देने वाले तीनों दलों के दो-दो विधायक हैं। इस तरह विजय को अब बहुमत यानी 118 विधायकों का समर्थन हासिल है।
सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे
ताजा घटनाक्रम से दो दिनों की राजनीतिक अनिश्चितता और राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के साथ जारी TVK के गतिरोध खत्म होने के आसार हैं। साथ ही अगली सरकार बनाने के उनके दावे को और मजबूती मिली है। TVK सूत्रों ने बताया कि विजय ने आज शाम 4.30 बजे राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है, और उम्मीद है कि प्रमुख विपक्षी दलों का समर्थन हासिल करने के बाद वे एक बार फिर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
बहुमत की चिंता नहीं: टीवीके
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि करीब उसी समय के आसपास, समर्थन देने वाले सभी दल एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे, जिसमें वे अपने फैसले की औपचारिक घोषणा करेंगे। इसी बीच, मायलापुर के नवनिर्वाचित टीवीके विधायक पी वेंकटरमनन ने तमिलनाडु में सरकार गठन की पार्टी की क्षमता पर शुक्रवार को पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि उसके पास बहुमत का आंकड़ा पार करने के लिए आवश्यक संख्या बल है।
सरकार गठन को लेकर बढ़ती अटकलों के बीच उन्होंने यहां पत्रकारों के साथ बातचीत में पार्टी के पास बहुमत न होने की चिंताओं को खारिज कर दिया।जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या पार्टी ने स्थिर सरकार के लिए आवश्यक निश्चित आंकड़े हासिल कर लिए हैं, तो उन्होंने दृढ़ता से 'हां' में जवाब दिया। शपथ ग्रहण समारोह के कार्यक्रम के बारे में पूछे जाने पर पार्टी कोषाध्यक्ष वेंकटरमनन ने कहा कि जल्द ही आधिकारिक घोषणा की जाएगी। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ''हम आपको एक घंटे में जानकारी देंगे।