पंजाब: बरनाला नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी की प्रचंड जीत, 'आप' का बनेगा पहला मेयर

आम आदमी पार्टी (आप) ने कुल 50 वार्डों में से 36 वार्डों पर शानदार जीत दर्ज करके नगर निगम पर अपना कब्जा पक्का कर लिया है।;

Update: 2026-05-29 15:33 GMT

बरनाला। आम आदमी पार्टी (आप) ने कुल 50 वार्डों में से 36 वार्डों पर शानदार जीत दर्ज करके नगर निगम पर अपना कब्जा पक्का कर लिया है।

इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 7 सीटें जीतकर दूसरे नंबर पर रही है। दूसरी ओर, राज्य की मुख्य राजनीतिक पार्टियों कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल को इन चुनावों में करारी हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस सिर्फ 2 सीटों पर सिमट कर रह गई, जबकि अकाली दल अपना खाता खोलने में भी नाकाम रहा और उसे एक भी सीट नहीं मिली। इसके अलावा, चुनाव मैदान में उतरे निर्दलीय उम्मीदवारों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए 5 वार्डों में जीत हासिल की है।

बरनाला के इन नतीजों ने यह साफ कर दिया है कि शहरी मतदाताओं में आम आदमी पार्टी का दबदबा कायम है। अकाली दल और कांग्रेस के लिए ये नतीजे एक बड़ी चिंता का विषय हैं, जबकि भाजपा ने 7 सीटें जीतकर शहर में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।

इस शानदार जीत के संबंध में बातचीत करते हुए आम आदमी पार्टी के हलका प्रभारी हरिंदर धालीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा करवाए गए कार्यों पर शहर के लोगों ने मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों ने कड़ी मेहनत की और घर-घर पहुंचकर लोगों को पार्टी व सरकार की नीतियों से अवगत कराया।

उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा किए गए कार्यों को देखते हुए लोगों ने आम आदमी पार्टी के पक्ष में फतवा (जनादेश) दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि इन चुनावों के बाद मेयर का चुनाव पार्टी हाईकमान तय करेगी।

वहीं, स्थानीय नगर निगम/काउंसिल चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) की शानदार जीत के बाद हल्का इंचार्ज हरिंदर सिंह धालीवाल ने बरनाला के वोटरों और पार्टी वर्करों का दिल से धन्यवाद किया है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए धालीवाल ने कहा कि बरनाला के लोगों ने हमेशा की तरह इस बार भी आम आदमी पार्टी की 'काम की राजनीति' पर भरोसा जताते हुए बड़ी लीड से जीत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि बरनाला के इतिहास में यह पहली बार होने जा रहा है जब यहां आम आदमी पार्टी का मेयर बनेगा, जो कि एक नया इतिहास रचेगा।

हरिंदर सिंह धालीवाल ने पार्टी के जमीनी स्तर के वर्करों की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह वर्करों ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों में दिन-रात एक किया था, उसी तरह इस बार पूरी लीडरशिप ने वर्करों के लिए अपनी ताकत झोंक दी। उन्होंने स्थानीय सांसद का विशेष रूप से जिक्र करते हुए कहा कि बरनाला के इतिहास में शायद ही किसी एमपी ने इस स्तर पर जाकर गली-गली और घर-घर (डोर-टू-डोर) प्रचार किया हो। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्षों, चेयरमैनों, ब्लॉक अध्यक्षों से लेकर घरों में बैठे एक-एक समर्थक की मेहनत की बदौलत आज यह मुकाम हासिल हुआ है।


Tags:    

Similar News