विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही स्थगित; विपक्ष लोकसभा स्पीकर के खिलाफ लाएगा अविश्वास प्रस्ताव

विपक्ष राहुल गांधी को बोलने देने की मांग कर रहा है। लोकसभा स्पीकर ने कहा कि प्रश्नकाल के बाद अपनी बात रखें। विपक्ष के नेता इसके बाद भी नहीं माने और हंगामा जारी रखा।

Update: 2026-02-09 06:15 GMT

नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र का आज नौवां दिन है। लोकसभा से आठ सांसदों के निलंबन और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के वक्तव्य को कथित तौर पर रोके जाने के मुद्दे पर सत्तापक्ष और विपक्षी दलों के बीच गतिरोध बरकरार है। लोकसभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। राज्यसभा में काम जारी है। इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर है कि विपक्ष लोकसभा स्‍पीकर के खिलाफ अविश्‍वास प्रस्‍ताव लाने की तैयारी कर रहा है। अगर ऐसा होता है, तो बजट सत्र के आने वाले दिन भी हंगामे भरे रह सकते हैं।

विपक्ष राहुल गांधी को बोलने देने की मांग कर रहा है। लोकसभा स्पीकर ने कहा कि प्रश्नकाल के बाद अपनी बात रखें। विपक्ष के नेता इसके बाद भी नहीं माने और हंगामा जारी रखा।

इसके बाद लोकसभा स्पीकर ने संसद को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। इससे पहले शुक्रवार को 8वें दिन भारी हंगामे के चलते सभा तीन बार स्थगित कर दी गई थी। राज्यसभा में भी सोमवार को हंगामे के आसार हैं।

शुक्रवार को राज्यसभा में भी प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के बीच राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को लेकर तीखी बहस हुई थी।

बिट्टू 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। इससे पहले संसद परिसर में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उन्हें गद्दार कह दिया था, जिसके बाद विवाद हो गया था।

स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्‍वास प्रस्‍ताव लाने की तैयारी

विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही सोमवार को शुरू होने के पांच मिनट बाद ही दोपहर बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर है कि विपक्ष लोकसभा स्‍पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्‍वास प्रस्‍ताव लाने की तैयारी कर रहा है।

'राहुल गांधी को बोलने दो, वरना...'

विपक्ष राहुल गांधी को बोलने देने की मांग कर रहा है, लेकिन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि प्रश्नकाल को पूरा हो जाने दीजिए। फिर नियम कानून के तहत चर्चा होगी। सदन की कार्यवाही आपसी सहमति और चर्चा से चलती है। लेकिन जब कांग्रेस सांसद नारे लगाते हुए वेल में आ गए, तो सदन की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्‍थगित कर दिया गया।

लोकसभा में हंगामे की क्‍या है वजह?

लोकसभा में पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण से जुड़े विषय तथा कुछ अन्य मुद्दों को लेकर कई दिनों से हंगामा हो रहा है। विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही बार-बार स्‍थगित हो रही है। कांग्रेस समेत विपक्ष के सदस्य राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पूर्व सेना प्रमुख नरवणे के एक अप्रकाशित संस्मरण का हवाला देते हुए चीन से टकराव का मुद्दा उठाने की अनुमति नहीं मिलने, विपक्ष के आठ सदस्यों को आसन की अवमानना के मामले में निलंबित करने समेत विभिन्न मुद्दों पर हंगामा कर रहे हैं। बिरला ने हंगामा कर रहे सदस्यों से कहा, '140 करोड़ जनता की आपसे अपेक्षा रहती है कि सदन चले, यहां चर्चा और संवाद हो। अगर आप नियोजित तरीके से गतिरोध पैदा करने चाहते हैं, सदन की मर्यादाओं को समाप्त करना चाहते हैं तो ऐसा सदन मैं नहीं चला सकता।'

Tags:    

Similar News