AI समिट के कारण आज दिल्ली में कई सड़कें रहेंगी बंद, निकलने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक एडवाइजरी
दिल्ली में आज से AI Impact Summit शुरू हो रहा है। इसके लिए हाई-लेवल सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है।
नई दिल्ली। दिल्ली में आज से AI Impact Summit शुरू हो रहा है। इसके लिए हाई-लेवल सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। कई रास्तों पर सामान्य वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलने वाली है। जिन वाहनों का गंतव्य दिल्ली नहीं है, उन्हें वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। वहीं, बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए भी खास व्यवस्था की गई है।
दिल्ली में आज से 20 फरवरी तक भारत मंडपम में होने वाले AI Impact Summit के चलते ट्रैफिक में कई अहम बदलाव किए गए हैं। इसके साथ-साथ सुरक्षा को लेकर भी कई पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी में हाई-प्रोफाइल एआई समिट के साथ मल्टी-एजेंसी सिक्योरिटी प्लान लागू किया गया है।
एंटी-ड्रोन सिस्टम और साइबर सर्विलांस से लेकर ट्रैफिक मैनेजमेंट और रैपिड रिस्पॉन्स टीम तक, दिल्ली पुलिस के नेतृत्व में सभी एजेंसियों ने नई दिल्ली को पूरी तरह मॉनिटर की जाने वाली सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया है। दिल्ली ट्रेफिक पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। 4 हजार से ज्यादा कर्मियों को 10 जोन में तैनात किया गया है। भारत मंडपम, सुषमा स्वराज भवन और हैदराबाद हाउस के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
इन मार्गों पर ट्रैफिक की आवाजाही होगी सीमित
कर्तव्य पथ, जनपथ, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, संसद मार्ग, बाबा खरक सिंह मार्ग, आउटर सर्कल (कनॉट प्लेस), तिलक मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, सी हेक्सागन, मथुरा रोड (सुभ्रमण्यम भारती मार्ग टी-पॉइंट से लोदी रोड फ्लाईओवर तक), लोदी रोड, पुराना किला रोड, अफ्रीका एवेन्यू, सरदार पटेल मार्ग, शांति पथ, औरोबिंदो मार्ग (AIIMS stretch), राव तुला राम मार्ग, रिंग रोड (Brar Square AIIMS stretch),एनएच-48 (Rangpuri Dhaula Kuan stretch) मार्गों पर ट्रैफिक की आवाजाही सीमित या VIP मूवमेंट के दौरान भारी हो सकती है.
इसके अलावा जिन वाहनों का गंतव्य दिल्ली नहीं है, उन्हें अनिवार्य रूप से ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और अन्य वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा। ऐसे वाहनों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। यात्रियों के लिए हवाई अड्डों और कई रेलवे स्टेशनों तक आवागमन की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। हालांकि, यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और यात्रा के लिए पर्याप्त समय पहले से लेकर निकलें।
ये सुविधाएं जारी रहेंगी
वीवीआईपी आवागमन के दौरान बसों को आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्गों पर संचालित किया जाएगा। सभी मेट्रो स्टेशनों पर मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी। ऑटीएसआर और टैक्सियों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने की अनुमति होगी।
बोर्ड परीक्षाओं के लिए खास व्यवस्था
कई छात्रों की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हो रही हैं। वीआईपी रूट पर पड़ने वाले 10 स्कूलों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि परीक्षा देने जा रहे छात्रों की हर संभव मदद करें। छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले घर से निकलें और अतिरिक्त समय रखें, ताकि ट्रैफिक या अन्य कारणों से परीक्षा में देर न हो सके।
सुरक्षा कारणों से कुछ मार्गों पर अस्थायी रोक लगाई जा रही है, लेकिन वैकल्पिक रास्तों के जरिए शहर में आवाजाही जारी रहेगी। आने वाले दिनों में लोगों को थोड़ी सावधानी और धैर्य बरतने की आवश्यकता होगी, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सुचारु रूप से चल सके।