7 नई अमृत भारत ट्रेनों को रेलवे बोर्ड की मंजूरी, दिल्ली से मुंबई और प्रयागराज से कोयंबटूर तक बढ़ेगी कनेक्टिविटी

रेलवे बोर्ड ने 7 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को मंजूरी दी है। इनसे दिल्ली, प्रयागराज, गोरखपुर, मुंबई, धनबाद, कोयंबटूर समेत कई शहरों की कनेक्टिविटी बढ़ेगी।;

Update: 2026-08-14 10:33 GMT

नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से पहले भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ा तोहफा दिया है। रेलवे बोर्ड ने देश के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ने वाली 7 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को मंजूरी दी है। इन सेवाओं से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना और दक्षिण भारत के कई प्रमुख शहरों के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्देश्य खास तौर पर सामान्य और मध्यम आय वर्ग के यात्रियों को अपेक्षाकृत किफायती किराए में लंबी दूरी की यात्रा की सुविधा देना है। इन ट्रेनों में नॉन-एसी कोच होंगे और इन्हें लंबी दूरी के यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर संचालित किया जाएगा।

धनबाद से कोयंबटूर तक लंबा रेल सफर

रेलवे बोर्ड की मंजूरी वाली ट्रेनों में धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस (22363/22364) सबसे लंबी दूरी की सेवाओं में शामिल है। इसका प्रस्तावित मार्ग धनबाद, गया, सासाराम, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज, कटनी, जबलपुर, इटारसी, नागपुर, विजयवाड़ा, रेनिगुंटा, काटपाडी, सलेम और इरोड होते हुए कोयंबटूर तक जाएगा।

इससे झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के बीच सीधी कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।

प्रयागराज से मुंबई और गुजरात के लिए नई सेवाएं

प्रयागराज-लोकमान्य तिलक टर्मिनस अमृत भारत एक्सप्रेस (20436/20435) को साप्ताहिक सेवा के रूप में मंजूरी मिली है। ट्रेन प्रयागराज से सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल और कल्याण होते हुए मुंबई पहुंचेगी।

वहीं प्रयागराज-उधना अमृत भारत एक्सप्रेस (20437/20438) फतेहपुर, कानपुर, इटावा, आगरा, कोटा, सवाई माधोपुर, रतलाम और वडोदरा होते हुए उधना जाएगी। इससे यूपी, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात के यात्रियों को फायदा होगा।

सूबेदारगंज-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस (14121/14122) भी साप्ताहिक सेवा होगी। इसका मार्ग बांदा, चित्रकूटधाम कर्वी, सतना, मैहर, जबलपुर, इटारसी, खंडवा, भुसावल, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे से होकर गुजरेगा।

गोरखपुर से दिल्ली और मुंबई की कनेक्टिविटी मजबूत

रेलवे ने गोरखपुर-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस (15095/15096) को भी मंजूरी दी है। यह ट्रेन गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद होते हुए दिल्ली पहुंचेगी।

इसके अलावा गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस अमृत भारत एक्सप्रेस (15085/15086) गोरखपुर से लखनऊ, कानपुर, आगरा, कोटा, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वलसाड, बोरीवली होते हुए बांद्रा पहुंचेगी।

सातवीं ट्रेन चारलापल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस (22075/22076) होगी। इसका मार्ग काजीपेट, नागपुर, इटारसी, भोपाल, झांसी, कानपुर, लखनऊ और गोंडा होते हुए गोरखपुर तक प्रस्तावित है।

इन नई सेवाओं से प्रमुख शहरों के बीच रेल विकल्प बढ़ेंगे और लंबी दूरी के यात्रियों को किफायती सफर का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

Tags:    

Similar News