ईपीएस-95 कर्मचारी, पेंशनभोगी अपनी मांगों को लेकर कल से जंतर मंतर पर करेंगे क्रमिक अनशन

, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ( ईपीएफओ) की ईपीएस-95 योजना के दायरे में आने वाले कर्मचारी और पेंशनभोगी न्यूनतम पेंशन साढ़े सात हजार रुपये मासिक किये जाने समेत अन्य मांगों को लेकर पेंशनभोगी ईपीएस 95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर बुधवार से क्रमिक अनशन शुरू करेंगे।

Update: 2024-01-30 20:37 GMT

नयी दिल्ली, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ( ईपीएफओ) की ईपीएस-95 योजना के दायरे में आने वाले कर्मचारी और पेंशनभोगी न्यूनतम पेंशन साढ़े सात हजार रुपये मासिक किये जाने समेत अन्य मांगों को लेकर पेंशनभोगी ईपीएस 95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर बुधवार से क्रमिक अनशन शुरू करेंगे।

आज यहां प्रेस क्लब पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में समिति के अध्यक्ष कमांडर अशोक राउत (सेवानिवृत्त) ने कहा, “यह हमारी अंतिम चेतावनी है। बार-बार आश्वासन के बाद भी हमारी मांगों को लेकर अभी तक कुछ कार्रवाई नहीं की गई है। अगर हमारी मांगे नहीं मांगी गईं तो हम आमरण अनशन करेंगे। उससे पहले 31 जनवरी से प्रांत वार क्रमिक अनशन से आंदोलन की शुरूआत की जाएगी। अगर उसके बाद भी सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं होती है तो फिर आमरण अनशन के अलावा कोई चारा नहीं है। ”

उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय की सही व्याख्या न करते हुए दिनांक 01.09.2014 के पहले के सेवा निवृत्त पेंशनर्स को उच्च पेंशन लाभ से वंचित रखा जा रहा है। इसलिए सरकार से एक बार फिर अनुरोध किया जाएगा कि 75 लाख वृद्धजनों को भयंकर ठंड में सड़कों पर बैठने को मजबूर न करें, और कल से शुरु हो रहे बजट में सत्र में न्यूनतम पेंशन में बढ़ोत्तरी की घोषणा करे। समिति का कहना है कि पहले प्रांत वार क्रमिक अनशन से शुरूआत की जाएगी, अगर मांगों पर तत्काल कोई निर्णय नहीं लिया गया तो फिर इस आंदोलन को आमरण अनशन में बदल दिया जाएगा। इस आंदोलन में देश भर के 50 हजार से अधिक पेंशनभोगी शामिल होंगे।

उल्लेखनीय है कि श्रम मंत्री भूपेंद्र यादव ने आश्वासन दिया था कि ईपीएस-95 पेंशनभोगियों की मांगों पर जल्द ही कुछ किया जाएगा लेकिन अभी तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जा सका। इस वजह से पेंशनभोगी नाराज है।

Tags:    

Similar News