ब्वायफ्रेंड करण कुंद्रा पर धोखेबाजी के आरोपों का तेजस्वी प्रकाश ने किया बचाव, बोलीं- ‘हर किसी का अपना अतीत होता है’
तेजस्वी से पहले करण कुंद्रा अभिनेत्री और वीडियो जॉकी अनुषा दांडेकर के साथ लंबे समय तक रिलेशनशिप में थे। दोनों का रिश्ता करीब साढ़े तीन साल तक चला था और उस दौरान यह जोड़ी टीवी इंडस्ट्री की चर्चित जोड़ियों में गिनी जाती थी।;
मुंबई। अभिनेता करण कुंद्रा एक बार फिर अपने पुराने रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उन पर धोखेबाजी के आरोप लगाए जा रहे हैं, जिसके बाद उनकी गर्लफ्रेंड और अभिनेत्री तेजस्वी प्रकाश खुलकर उनके समर्थन में सामने आई हैं। दरअसल, तेजस्वी से पहले करण कुंद्रा अभिनेत्री और वीडियो जॉकी अनुषा दांडेकर के साथ लंबे समय तक रिलेशनशिप में थे। दोनों का रिश्ता करीब साढ़े तीन साल तक चला था और उस दौरान यह जोड़ी टीवी इंडस्ट्री की चर्चित जोड़ियों में गिनी जाती थी।
अनुषा दांडेकर के बयान के बाद शुरू हुई चर्चा
कुछ समय पहले अनुषा दांडेकर ने एक इंटरव्यू में अपने पूर्व ब्वायफ्रेंड पर बिना नाम लिए धोखा देने और दूसरी लड़कियों के साथ संबंध रखने का आरोप लगाया था। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर करण कुंद्रा का नाम नहीं लिया, लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे करण से जोड़कर देखना शुरू कर दिया। इसके बाद इंटरनेट मीडिया पर करण को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने उन पर सवाल उठाए, जबकि उनके फैंस ने उनका बचाव भी किया।
तेजस्वी बोलीं- सच वही होता है जो रिश्ते में मौजूद लोग जानते हैं
हाल ही में रियलिटी शो ‘दुबई ब्लिंग’ में तेजस्वी प्रकाश ने इस पूरे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का अपना अतीत होता है और कई बार वह सार्वजनिक रूप से लोगों के सामने आ जाता है। तेजस्वी ने कहा, “हम सभी का अपना अतीत होता है। कुछ लोगों का अतीत लोगों के बीच आ जाता है। उन्होंने धोखेबाजी की या नहीं, यह हम नहीं जानते, क्योंकि उन्होंने मुझे अपनी सोच बताई है।” उन्होंने आगे कहा कि करण का मानना है कि दुनिया उनके बारे में क्या सोचती है, इससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता, लेकिन उनके करीब रहने वाले लोगों को सच्चाई पता होनी चाहिए।
शादी की खबरों पर भी दिया जवाब
करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश लंबे समय से रिलेशनशिप में हैं। दोनों की मुलाकात रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के दौरान हुई थी और तभी से यह जोड़ी लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। पिछले कुछ समय से दोनों की शादी को लेकर भी कई तरह की खबरें सामने आती रही हैं। हालांकि तेजस्वी ने इन अटकलों पर भी साफ प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “मेरा एक बॉयफ्रेंड है, लेकिन यह जरूरी नहीं कि मैं शादी भी करूं। मुझे तो यह भी नहीं पता कि हम सगाई कब करने जा रहे हैं।”
फैंस के बीच चर्चा में बना कपल
करण और तेजस्वी टीवी इंडस्ट्री के सबसे चर्चित कपल्स में शामिल हैं। सोशल मीडिया पर दोनों की बड़ी फैन फॉलोइंग है और उनके रिश्ते से जुड़ी हर खबर तेजी से वायरल होती है। अब तेजस्वी के इस बयान के बाद एक बार फिर करण और उनके पुराने रिश्तों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि तेजस्वी ने साफ संकेत दिया है कि वह अपने रिश्ते को बाहरी आरोपों और अफवाहों के आधार पर नहीं, बल्कि आपसी भरोसे के आधार पर देखती हैं।