आमिर खान पर सोनम वांगचुक का तंज, बोले- ‘शायद गजनी के किरदार में इतने डूब गए कि सब भूल गए’

प्रखर गुप्ता के साथ एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान सोनम वांगचुक ने कहा कि आमिर ने सार्वजनिक तौर पर कहा कि वे कभी उनसे नहीं मिले। इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ पुराने वीडियो सामने आए, जिनमें आमिर खान को सोनम वांगचुक का भाषण सुनते हुए देखा जा सकता है।;

Update: 2026-08-31 05:24 GMT

लेह/ मुंबई: फिल्म ‘3 इडियट्स’ में आमिर खान के किरदार रैंचो और लद्दाख के शिक्षाविद सोनम वांगचुक के बीच कथित समानता को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। आमिर खान के उस बयान के बाद, जिसमें उन्होंने कहा था कि फिल्म बनने से पहले वह सोनम वांगचुक को जानते तक नहीं थे, अब वांगचुक ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आमिर के बयान पर सीधे तौर पर तंज कसा और दावा किया कि दोनों की फिल्म रिलीज होने से पहले विस्तार से मुलाकात हुई थी। प्रखर गुप्ता के साथ एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान सोनम वांगचुक ने कहा कि आमिर ने सार्वजनिक तौर पर कहा कि वे कभी उनसे नहीं मिले। इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ पुराने वीडियो सामने आए, जिनमें आमिर खान को सोनम वांगचुक का भाषण सुनते हुए देखा जा सकता है।

‘शायद गजनी बनकर याददाश्त चली गई होगी’

सोनम वांगचुक ने पुराने वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि आमिर उस समय ‘गजनी’ के लुक में नजर आ रहे थे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि शायद गजनी के किरदार में रहने के कारण आमिर की कुछ समय के लिए याददाश्त चली गई होगी और उन्होंने थोड़ी देर बाद हुई मुलाकात को भुला दिया होगा। वांगचुक ने कहा कि उन्हें इस बात पर ज्यादा हैरानी नहीं है, क्योंकि उनके मुताबिक आमिर के साथ उनकी मुलाकात सिर्फ औपचारिक नहीं थी। दोनों के बीच विस्तार से बातचीत हुई थी और कई विचारों पर चर्चा भी हुई थी। उन्होंने आगे आमिर के अभिनय को लेकर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने सुना है कि आमिर अपने किरदारों में काफी गहराई से उतर जाते हैं। शायद वह ‘गजनी’ के किरदार में इतने डूब गए थे कि उन्हें यह याद नहीं रहा कि वह उस पुरस्कार समारोह में मौजूद थे, जहां सोनम वांगचुक को सम्मानित किया गया था।

‘3 इडियट्स’ के किरदार पर भी दी सफाई

सोनम वांगचुक ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका दावा यह नहीं है कि ‘3 इडियट्स’ का पूरा किरदार उनकी जिंदगी पर आधारित था। उनके मुताबिक, संभव है कि आमिर के साथ हुई बातचीत से कुछ विचार या किरदार के कुछ हिस्से प्रभावित हुए हों। उन्होंने कहा कि यह भी संभव है कि आमिर ने अपने लेखकों या निर्देशक को यह नहीं बताया हो कि उन्होंने सोनम वांगचुक को देखा या उनसे बातचीत की थी। ऐसे में पटकथा में शामिल विचारों के पीछे की प्रेरणा टीम के दूसरे सदस्यों को पता नहीं चली होगी। वांगचुक ने कहा कि आमिर यह भी कह सकते हैं कि उन्होंने कुछ बातें अपनी तरफ से पटकथा में जोड़ी थीं। उनके मुताबिक, अगर ऐसा हुआ भी है तो उन्हें इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ता।

क्या कहा था आमिर खान ने?

दरअसल, सोनम वांगचुक के प्रदर्शन और अनशन के दौरान आमिर खान से एक कार्यक्रम में ‘3 इडियट्स’ और वांगचुक के बीच संबंध को लेकर सवाल पूछा गया था। एक महिला ने कहा था कि फिल्म का आमिर का किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित था। इस पर आमिर ने इस धारणा को गलत बताया था। उन्होंने कहा था कि जब फिल्म बन रही थी, तब वह सोनम वांगचुक को जानते तक नहीं थे। आमिर के मुताबिक, न तो वह, न निर्देशक राजकुमार हिरानी और न ही फिल्म के लेखक वांगचुक के बारे में जानते थे। हालांकि, आमिर ने सोनम वांगचुक के काम की तारीफ करते हुए कहा था कि वह सही काम कर रहे हैं और लोगों को उनके काम का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि खुद वांगचुक पहले कह चुके हैं कि ‘3 इडियट्स’ का किरदार पूरी तरह उन पर आधारित नहीं है।

पुराने वीडियो ने बढ़ाई चर्चा

आमिर के बयान के बाद सोनम वांगचुक के एक पुराने जॉश टॉक्स वीडियो की चर्चा शुरू हो गई। इसमें वांगचुक ने दावा किया था कि उनकी 2008 में आमिर खान से मुलाकात हुई थी। इसके अलावा एक और पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें सोनम वांगचुक एक मंच पर पुरस्कार लेते दिखाई देते हैं और दर्शकों के बीच आमिर खान बैठे हुए उनकी स्पीच सुनते नजर आते हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो ‘3 इडियट्स’ की रिलीज से पहले का है और उस समय आमिर खान ‘गजनी’ के लुक में थे। इन पुराने वीडियो के सामने आने के बाद आमिर खान और सोनम वांगचुक की मुलाकात को लेकर बहस फिर तेज हो गई है। अब वांगचुक की ताजा टिप्पणी ने इस पुराने विवाद को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।

Tags:    

Similar News