जूनियर एनटीआर के पालतू कुत्ते बघीरा का निधन, भावुक हुए अभिनेता; बोले- ‘तुम हमेशा परिवार का हिस्सा रहोगे’

बघीरा को याद करते हुए जूनियर एनटीआर ने लिखा कि वह उनकी जिंदगी में एक साथी के रूप में आया था, लेकिन धीरे-धीरे परिवार का हिस्सा बन गया। अभिनेता के मुताबिक, बघीरा ने अपने प्यार, वफादारी और शरारतों से उनके जीवन के कई पलों को खास बनाया।;

Update: 2026-08-19 10:14 GMT

हैदराबाद: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर इस समय निजी जिंदगी के मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। कंधे की चोट के बाद हाल ही में सर्जरी कराने वाले अभिनेता को अब अपने पालतू कुत्ते बघीरा के निधन का दुख झेलना पड़ा है। अभिनेता ने सोशल मीडिया के जरिए अपने प्यारे साथी के निधन की जानकारी दी और उसके साथ बिताए पलों को याद करते हुए एक भावुक संदेश साझा किया। जूनियर एनटीआर ने बघीरा के साथ अपनी कई तस्वीरें पोस्ट की हैं। इन तस्वीरों में अभिनेता कभी उसे दुलारते तो कभी उसके साथ समय बिताते नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में वह सर्जरी के बाद हाथ में स्लिंग लगाए बघीरा के पास बैठे दिखाई दे रहे हैं। अभिनेता ने अपने पालतू कुत्ते की कब्र पर एक पौधा भी लगाया, जिसकी तस्वीर उन्होंने प्रशंसकों के साथ साझा की।

‘साथी बनकर आए और परिवार का हिस्सा बन गए’

बघीरा को याद करते हुए जूनियर एनटीआर ने लिखा कि वह उनकी जिंदगी में एक साथी के रूप में आया था, लेकिन धीरे-धीरे परिवार का हिस्सा बन गया। अभिनेता के मुताबिक, बघीरा ने अपने प्यार, वफादारी और शरारतों से उनके जीवन के कई पलों को खास बनाया। उन्होंने कहा कि बघीरा के जाने के बाद जिंदगी में एक ऐसी खामोशी महसूस हो रही है, जिसकी कमी को भरना आसान नहीं होगा। हालांकि, उनके मुताबिक बघीरा अपने पीछे जितना प्यार छोड़ गया है, उसका एहसास भी उतना ही गहरा है।

चार साल का था बघीरा

जूनियर एनटीआर ने बताया कि बघीरा सिर्फ चार साल का था। हालांकि, अभिनेता ने उसके निधन की वजह के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। उन्होंने अपने संदेश में बघीरा को इन चार वर्षों के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि उसने उनकी जिंदगी को बेहद खूबसूरत बनाया। अभिनेता ने अपने प्यारे साथी को याद करते हुए उसे आजाद होकर दौड़ने की शुभकामना दी। उन्होंने यह भी कहा कि बघीरा को बहुत प्यार किया गया और वह हमेशा प्यार किया जाता रहेगा।

कब्र पर लगाया पौधा

जूनियर एनटीआर की पोस्ट की तस्वीरों में उनके और बघीरा के बीच मजबूत जुड़ाव साफ नजर आता है। एक तस्वीर में बघीरा की कब्र पर एक पौधा रखा दिखाई देता है। अभिनेता का यह अंदाज बताता है कि उन्होंने अपने पालतू कुत्ते को परिवार के सदस्य की तरह ही विदाई दी। एक अन्य तस्वीर में सर्जरी के बाद हाथ में स्लिंग लगाए जूनियर एनटीआर बघीरा के पास बैठे दिखाई दे रहे हैं। बाकी तस्वीरों में अभिनेता अपने पालतू साथी को गले लगाते और उसके साथ वक्त बिताते नजर आते हैं।

सेलेब्स ने जताया दुख

जूनियर एनटीआर की इस भावुक पोस्ट पर उनके प्रशंसकों के साथ फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने भी प्रतिक्रिया दी। अभिनेत्री श्रुति हासन ने पोस्ट पर टूटे दिल वाली इमोजी के जरिए अपना दुख जाहिर किया। सोशल मीडिया पर प्रशंसकों ने भी अभिनेता के प्रति संवेदना व्यक्त की और बघीरा के साथ उनकी यादों को साझा करने के लिए उनका समर्थन किया।

सर्जरी के बाद आराम कर रहे हैं अभिनेता

जूनियर एनटीआर की हाल ही में कंधे की सर्जरी हुई है। इस वजह से वह फिलहाल स्वास्थ्य लाभ के दौर से गुजर रहे हैं। ऐसे समय में अपने पालतू कुत्ते को खोना उनके लिए भावनात्मक रूप से भी मुश्किल बताया जा रहा है।

इन फिल्मों में नजर आएंगे एनटीआर

वर्कफ्रंट की बात करें तो जूनियर एनटीआर को हाल में कोराताला शिवा की ‘देवरा’ और अयान मुखर्जी की ‘वॉर 2’ में देखा गया था। अब अभिनेता के पास कई बड़े प्रोजेक्ट हैं। वह निर्देशक प्रशांत नील की आगामी फिल्म ‘ड्रैगन’ में नजर आएंगे। इसके अलावा त्रिविक्रम श्रीनिवास के साथ भी उनकी एक फिल्म की चर्चा है, जिसके भगवान मुरुगन से जुड़े विषय पर आधारित होने की खबरें हैं। फिलहाल अभिनेता के लिए निजी और पेशेवर, दोनों मोर्चों पर आने वाला समय महत्वपूर्ण है।

Tags:    

Similar News