नई दिल्ली/मुंबई।अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ की गई सैन्य कार्रवाई पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहस जारी है। इस घटनाक्रम ने भारतीय फिल्म जगत में भी तीखी प्रतिक्रियाओं को जन्म दिया है। गीतकार जावेद अख्तर से लेकर अभिनेत्री हिना खान, रॉकी जायसवाल, एजाज खान और ईरानी मूल की अभिनेत्री मंदाना करीमी तक कई चर्चित हस्तियों ने सोशल मीडिया पर अपने विचार साझा किए हैं। इन प्रतिक्रियाओं ने सोशल मीडिया पर समर्थकों और आलोचकों के बीच नई बहस छेड़ दी है।
जावेद अख्तर ने ट्रम्प-नेतन्याहू पर साधा निशाना
प्रख्यात गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अमेरिका और इजराइल की कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने अपने पोस्ट में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को निशाने पर लिया। अख्तर ने लिखा, “मुझे लगता है कि इस बार ट्रम्प और इजराइल ने हद से ज्यादा कदम उठा लिया है। अगर उन्हें इस तरह की हिम्मत दिखाने और इराक की तरह ईरान के साथ भी ऐसा करने की छूट मिल जाती है, तो चीन की दुनिया में पूरी साख खत्म हो जाएगी।” उन्होंने आगे कहा, “नेतन्याहू और ट्रम्प ने, बाकी दबंग नेताओं की तरह, हालात को इतना आगे बढ़ा दिया है कि दूसरों के पास मजबूरी में कड़ा और साफ फैसला लेने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।”
अख्तर की इस टिप्पणी को कई लोगों ने वैश्विक शक्ति संतुलन और कूटनीतिक संतुलन के संदर्भ में देखा। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर व्यापक बहस देखने को मिली।
हिना खान का पीएम मोदी के समर्थन में पोस्ट
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अभिनेत्री हिना खान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में एक पोस्ट साझा किया। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट से दो तस्वीरें पोस्ट कीं-एक तस्वीर पीएम मोदी की और दूसरी में एक छोटा बच्चा सड़क पर डंडे से पहिया चलाता नजर आ रहा है। इन तस्वीरों के साथ हिना ने लिखा, “जो ये भी ठीक से नहीं चला सकते, वो उन पर सवाल उठा रहे हैं, जो इतना बड़ा देश चला रहे हैं। साहस, हिम्मत, विडंबना। जय हिंद।” उनकी इस पोस्ट को कई लोगों ने सरकार के समर्थन के रूप में देखा। वहीं कुछ यूजर्स ने इसे राजनीतिक टिप्पणी बताते हुए प्रतिक्रिया दी। सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गई।
रॉकी जायसवाल ने उठाए वफादारी के सवाल
हिना खान के पति और निर्माता रॉकी जायसवाल ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा पोस्ट साझा किया। रॉकी ने लिखा, “मुझे इस बात से कोई मतलब नहीं कि कौन किसके लिए दुख मनाता है, जब तक ये प्राइवेट हो, लेकिन जब पब्लिक में किया जाता है तो आलोचना को न्योता देता है।” उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने कुछ लोगों को भारतीय सैनिकों, हमले के पीड़ितों, सरकार या पुलिस के लिए उतना दुख जताते नहीं देखा। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का भी जिक्र किया।
रॉकी ने अपनी स्टोरी में लिखा, “आपको जो प्रोटेक्ट करता है, उसकी पीठ में छूरी घोंपते हो और जो आपके देश के खिलाफ खड़ा है, उस विदेशी के लिए दुख मनाते हो। वफादारी ही सबकुछ है और वफादारी से ही सबकुछ साफ हो जाता है।” उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं पैदा कीं। कुछ लोगों ने उनके विचारों का समर्थन किया, जबकि अन्य ने इसे विभाजनकारी टिप्पणी बताया।
एजाज खान ने जताई चिंता
अभिनेता एजाज खान ने भी मौजूदा हालात पर चिंता जताई। उन्होंने एक वीडियो साझा करते हुए कहा, “आप देख रहे होंगे कि दुनिया में क्या हो रहा है। अमेरिका और इजराइल ने रमजान के महीने में ईरान पर बमबारी की। इसके बाद गुस्से में ईरान ने अरब देशों पर हमला कर दिया।” उन्होंने आगे कहा, “अल्लाह हमसे नाराज है, तभी यह सब हो रहा है। पूरी दुनिया में मुसलमानों पर जुल्म हो रहे हैं। रमजान के पवित्र महीने में अलग-अलग देशों में बम गिर रहे हैं। यह अल्लाह का कहर है।” हालांकि एजाज ने अपने संदेश के अंत में लोगों से अपील की कि वे दुआ करें, एक-दूसरे का साथ दें और नेक काम करें। उन्होंने कहा, “जकात दें, गरीबों की मदद करें, क्योंकि पैसा कब्र तक साथ नहीं जाता।” उनके बयान में धार्मिक भावनाओं के साथ सामाजिक सहयोग का संदेश भी शामिल था।
मंदाना करीमी का विवादित बयान
ईरानी मूल की अभिनेत्री मंदाना करीमी ने भी ईरान की स्थिति को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए एक विवादित टिप्पणी की। मंदाना ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “खामेनेई की मौत की खबर सुनाते हुए IRIB के एंकरों को रोते और बिलखते देखना, इससे बढ़कर सुकून देने वाली बात कुछ नहीं।” उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई। कुछ लोगों ने इसे उनकी व्यक्तिगत राय बताया, जबकि कई यूजर्स ने इसे असंवेदनशील करार दिया। मंदाना करीमी भारतीय फिल्मों ‘भाग जॉनी’ और ‘क्या कूल हैं हम 3’ में नजर आ चुकी हैं। वह रियलिटी शो ‘बिग बॉस 9’ और ‘लॉक अप’ में भी हिस्सा ले चुकी हैं।
सोशल मीडिया पर बढ़ती बहस
ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई और उसके बाद के घटनाक्रम ने जहां वैश्विक कूटनीति को प्रभावित किया है, वहीं भारतीय मनोरंजन जगत की प्रतिक्रियाओं ने सार्वजनिक विमर्श को और तीखा बना दिया है। अलग-अलग हस्तियों ने अपने दृष्टिकोण से टिप्पणी की है-कहीं राजनीतिक आलोचना, कहीं सरकार के समर्थन का स्वर, तो कहीं धार्मिक और मानवीय अपील। विशेषज्ञों का मानना है कि सोशल मीडिया के दौर में सार्वजनिक व्यक्तित्वों की राय तुरंत व्यापक चर्चा का विषय बन जाती है। ऐसे में उनके बयानों का असर केवल उनके प्रशंसकों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बहस का हिस्सा बन जाता है।
सोशल मीडिया पर चर्चा
पश्चिम एशिया में जारी तनाव ने न केवल राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में हलचल मचाई है, बल्कि भारतीय फिल्म उद्योग की हस्तियों को भी अपनी राय रखने के लिए प्रेरित किया है। जावेद अख्तर की राजनीतिक टिप्पणी, हिना खान और रॉकी जायसवाल का राष्ट्रवादी स्वर, एजाज खान की धार्मिक अपील और मंदाना करीमी की विवादित प्रतिक्रिया, इन सबने सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा को जन्म दिया है।