‘धुरंधर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका: 5 दिनों में 800 करोड़ पार, 1000 करोड़ की ओर तेज रफ्तार

फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 519.12 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 619.76 करोड़ रुपये हो चुका है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि फिल्म को देशभर में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।

Update: 2026-03-24 05:35 GMT

मुंबई। Dhurandhar 2 Box Office Collection: रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ (धुरंधर 2) बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के महज पांच दिनों के भीतर ही फिल्म ने भारत और विदेशों में रिकॉर्डतोड़ कमाई कर ली है। सोमवार (पांचवें दिन) को भी फिल्म की रफ्तार धीमी नहीं पड़ी और इसने भारत में 65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म अब तक दुनियाभर में 800 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है और कई बड़ी फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ चुकी है।

भारत में 500 करोड़ के पार

फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 519.12 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 619.76 करोड़ रुपये हो चुका है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि फिल्म को देशभर में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। अगर दिनवार कमाई की बात करें, तो फिल्म ने पहले ही दिन से शानदार ओपनिंग ली। पेड प्रीव्यू से 43 करोड़ रुपये कमाने के बाद गुरुवार को 102.55 करोड़, शुक्रवार को 80.72 करोड़, शनिवार को 113 करोड़ और रविवार को 114.85 करोड़ रुपये की कमाई की। दूसरे हफ्ते की शुरुआत भी दमदार रही और सोमवार को फिल्म ने 65 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस तरह महज पांच दिनों में फिल्म ने 519.12 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया।

हिंदी वर्जन का दबदबा

पांचवें दिन फिल्म के हिंदी वर्जन ने सबसे ज्यादा 60 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके अलावा तेलुगु वर्जन ने 3.50 करोड़, तमिल ने 1.20 करोड़ और कन्नड़ व मलयालम वर्जन ने लगभग 0.15-0.15 करोड़ रुपये की कमाई की। यह साफ संकेत है कि फिल्म का मुख्य बाजार हिंदी बेल्ट है, लेकिन साउथ मार्केट में भी इसे ठीक-ठाक रिस्पॉन्स मिल रहा है।

ओवरसीज में भी जलवा, 800 करोड़ पार


विदेशों में भी ‘धुरंधर 2’ का प्रदर्शन शानदार रहा है। फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में लगभग 210 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इसके साथ ही इसका कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 829.76 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।  पांच दिनों की कमाई के मामले में यह फिल्म अब तक की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म बन गई है। इस लिस्ट में पहले नंबर पर ‘पुष्पा 2’ है, जिसने 881.26 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

‘पीके’ और ‘छावा’ को छोड़ा पीछे

‘धुरंधर 2’ ने अपनी तेज रफ्तार के चलते कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सोमवार को 800 करोड़ का आंकड़ा पार करते ही इसने ‘छावा’ (807 करोड़ रुपये) और आमिर खान की ‘पीके’ (769 करोड़ रुपये) के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया। अब फिल्म ‘स्त्री 2’ (880 करोड़ रुपये) और ‘कंटारा चैप्टर 1’ (870 करोड़ रुपये) के कलेक्शन के करीब पहुंच चुकी है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म जल्द ही 900 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार कर सकती है।

1000 करोड़ क्लब की ओर बढ़ते कदम

जिस रफ्तार से फिल्म कमाई कर रही है, उसे देखते हुए यह लगभग तय माना जा रहा है कि ‘धुरंधर 2’ जल्द ही 1000 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो जाएगी। अगर यही ट्रेंड जारी रहा, तो यह रणवीर सिंह के करियर की सबसे बड़ी फिल्म साबित हो सकती है।

पहले पार्ट की सफलता ने बनाई मजबूत नींव

‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी का पहला पार्ट भी ब्लॉकबस्टर साबित हुआ था। इस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1307 करोड़ रुपये की कमाई की थी। भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 1005.85 करोड़ और नेट कलेक्शन लगभग 840 करोड़ रुपये रहा था। इतना ही नहीं, 894.49 करोड़ रुपये की कमाई के साथ यह हिंदी भाषा में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई थी।

विदेशों में भी रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन


पहले पार्ट को विदेशी बाजारों में भी जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। ओवरसीज में फिल्म ने करीब 299.5 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। खासतौर पर अमेरिका और कनाडा में इसने 193 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ‘बाहुबली 2’ का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया था। दिलचस्प बात यह रही कि इतनी बड़ी सफलता के बावजूद फिल्म को खाड़ी देशों में रिलीज की अनुमति नहीं मिली थी। इसके बावजूद इसने इतिहास रच दिया और भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली ‘A’ रेटेड फिल्मों में शामिल हो गई।

ट्रेड एक्सपर्ट्स की नजर आगे के प्रदर्शन पर

फिलहाल, ‘धुरंधर 2’ का बॉक्स ऑफिस सफर बेहद मजबूत नजर आ रहा है। वीकेंड के बाद भी फिल्म की कमाई में गिरावट सीमित है, जो इसके मजबूत कंटेंट और दर्शकों के उत्साह को दर्शाता है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि फिल्म कितनी जल्दी 1000 करोड़ क्लब में एंट्री करती है और क्या यह ‘पुष्पा 2’ का रिकॉर्ड तोड़ पाती है या नहीं।

Tags:    

Similar News