तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने आठ वर्षीय बच्चे को रौंदा
मोदीनगर मानकी गांव में रविवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने आठ वर्षीय बच्चे को कुचल दिया;
गाजियाबाद। मोदीनगर मानकी गांव में रविवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने आठ वर्षीय बच्चे को कुचल दिया। गंभीर हालत में बच्चे को निकट के अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर बच्चे के शव को मानकी दोसा रोड पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह हंगामा करते रहे। मानकी गांव निवासी पूनम अपने दो बच्चों को लेकर मायके आई हुई थी। रविवार को पूनम का आठ वर्षीय बड़ा बेटा वंश सड़क के पास खेल रहा था।
इस दौरान मिट्टी से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने वंश को कुचल दिया। आनन-फानन में परिजनों ने बच्चे को निकट के अस्पताल में भर्ती करायाए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
इस बीच ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला। ग्रामीणों ने पीछा कर चालक को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर ट्रॉली को मानकी दोसा रोड पर खड़ा दिया और बच्चे के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। घटना की सूचना पाकर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद नायब तहसीलदार नीरज ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया
उन्होंने ग्रामीणों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीण मौके पर ही मुआवजे की मांग करने लगे। ग्रामीणों के गुस्से और गम को देखते हुए तहसीलदार उमाकांत तिवारी भी मौके पर पहुंच गए। तहसीलदार को देखकर ग्रामीण और अधिक भड़क गए व हंगामा करने लगे। तहसीलदार के समझाने पर भी ग्रामीण नहीं माने। इससे दोसा रोड पर दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा रखा था।
अवैध खनन ने ली बच्चे की जान
ग्रामीणों का आरोप हैं कि दोसा क्षेत्र में पुलिस की मिलीभगत से मिट्टी का अवैध खनन होता है। दिन में ही माफिया मिट्टी का अवैध खनन करते हैं। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की कार्रवाई से बचने के खनन माफिया वाहनों को अंधाधुंध तेज रफ्तार से दौड़ाते हैं। इससे पहले कई इस मार्ग पर कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने अवैध खनन पर रोक लगाने की भी मांग की है।