बिहार विधानसभा में दलित मुद्दे पर हंगामा, कार्यवाही स्थगित

 बिहार विधानसभा में आज दलितों के मुद्दे पर पक्ष-विपक्ष के सदस्यों ने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद सभा की कार्यवाही भोजनावकाश के लिए निर्धारित समय से पूर्व ही दो बजे दिन तक के लिए स्थगित कर दी गयी ।

Update: 2018-03-26 14:02 GMT

पटना। बिहार विधानसभा में आज दलितों के मुद्दे पर पक्ष-विपक्ष के सदस्यों ने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद सभा की कार्यवाही भोजनावकाश के लिए निर्धारित समय से पूर्व ही दो बजे दिन तक के लिए स्थगित कर दी गयी ।

विधानसभा में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक उपेन्द्र पासवान ने भागलपुर के बुद्धुचक थाना के रानी दियारा में सात मार्च को अरविंद पासवान की हुई हत्या के मामले में अनुसूचित जाति-जनजाति एक्ट नहीं लगाये जाने से संबंधित तारांकित प्रश्न के उत्तर में प्रभारी गृह मंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि इस मामले की जांच कर कार्रवाई की जायेगी ।

इसपर सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता श्याम रजक और रत्नेश सदा ने कहा कि जब थाना प्रभारी ने इस मामले में एससी-एसटी एक्ट लगाया ही नहीं है तो फिर जांच की क्या जरूरत है, इस मामले में दोषी के खिलाफ सीधे कार्रवाई होनी चाहिए ।

जदयू विधायकों की मांग का समर्थन करते हुए कांग्रेस की पूनम पासवान सदन के बीच में आ गयीं।
इसके बाद कांग्रेस और राजद के कई अन्य विधायक भी सदन के बीच में आकर शोरगुल तथा नारेबाजी करने लगे ।

कांग्रेस अौर राजद के विधायक ‘दलित विरोधी सरकार हाय-हाय’ के नारे लगा रहे थे । सभाध्यक्ष  चौधरी ने सदस्यों से अपनी सीट पर जाने का अनुरोध किया लेकिन वे नहीं माने । इसके बाद सदन को अव्यवस्थित देख सभाध्यक्ष ने सभा की कार्यवाही करीब 11 बजकर 25 मिनट पर दो बजे दिन तक के लिए स्थगित कर दी ।

 

Tags:    

Similar News