नड्डा का कार्यकाल बढ़ने पर ओमप्रकाश धनखड़, अश्वनी शर्मा की बधाई

हरियाणा प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को उनका कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ने पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं हैं

Update: 2023-01-17 20:22 GMT

चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को उनका कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ने पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं हैं।

सर्वश्री धनखड़ और शर्मा ने कहा कि श्री नड्डा के संगठन कौशल से पार्टी देश में 2024 के आम चुनावों में 2019 से भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए पुनः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी।

श्री धनखड़ के अनुसार कुशल संगठनकर्ता और करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत श्री नड्डा के नेतृत्व में संगठन लगातर नई ऊंचाइयों को छुते हुए कीर्तिमान स्थापित करेगा। मोदी जी के मजबूत नेतृत्व और करिश्माई लोकप्रियता को मतों में परिवर्तित करने का हुनर नड्डी जी में है। श्री नड्डा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरूआत में ही जमीन पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया है। उनके पूरे नेतृत्व काल में पार्टी के संगठन ने बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक सेवा ही संगठन के सिद्धांत पर काम किया है। श्री नड्डा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए जिस-जिस भी प्रदेश में चुनाव हुए उनमें से अधिकतर में बहुत अच्छे बहुमत से भाजपा ने सरकारें बनाईं।

उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्य की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में संगठन सदैव आगे रहा है और इसमें श्री नड्डा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सेवा ही संगठन के तहत सेवा पखवाड़ा, तिरंगा यात्रा, घर-घर तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय अध्यक्ष जन-जन में देश भक्ति की एक अनोखी अलख जगाने में सफल रहे हैं जिसको पूरे राष्ट्र ने देखा है।

श्री शर्मा ने श्री नड्डा का कार्यकाल बढ़ाने के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सर्व-सम्मत फैसले का स्वागत करते हुये इसे ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी का यह निर्णय बहुत ही सराहनीय तथा दूरंदेशी है। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी लोकतान्त्रिक पार्टी है और ऐसे फैसले सिर्फ भाजपा में ही सम्भव हैं। श्री नड्डा ने अपने राजनीतिक करियर में जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, केरल, राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के प्रभारी और चुनाव प्रभारी रहे हैं और उनके नेतृत्व में भाजपा को कई अहम चुनावों में जीत हासिल की है। उनके नेतृत्व में, भाजपा ने बिहार में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट हासिल किया। उनके नेतृत्व में एनडीए ने महाराष्ट्र में बहुमत हासिल किया। उत्तर प्रदेश में जीत हासिल की और पश्चिम बंगाल में भी प्रदर्शन अच्छा रहा। गुजरात में भी शानदार जीत दर्ज की। कोविड महामारी के दौरान नड्डा जी नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्त्ता लोगों की सेवा करने में दिनरात जुटे रहे।

दोनों नेताओं ने कहा कि श्री मोदी और श्री नड्डा के कुशल नेतृत्व में पार्टी 2019 की तुलना में बड़े जनादेश के साथ 2024 का लोकसभा चुनाव जीतेगी तथा फिर से केंद्र में श्री मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाएगी।

Full View

Tags:    

Similar News