आप पर राज्यसभा टिकट बेचने के आरोपों पर आरपी सिंह बोले, हरभजन सिंह अब पूरे मामले का करें खुलासा
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर. पी. सिंह ने शनिवार को आम आदमी पार्टी द्वारा राज्यसभा टिकट बेचने को लेकर लगाए गए आरोपों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक बयान और अन्य मामलों पर विपक्षी दलों को घेरा;
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर. पी. सिंह ने शनिवार को आम आदमी पार्टी द्वारा राज्यसभा टिकट बेचने को लेकर लगाए गए आरोपों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक बयान और अन्य मामलों पर विपक्षी दलों को घेरा। राज्यसभा सदस्य और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह द्वारा आम आदमी पार्टी पर राज्यसभा टिकट बेचने का आरोप लगाए जाने के मामले में आर.पी. सिंह ने कहा कि इस मुद्दे पर पहले भी कई बार चर्चा हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि अब हरभजन सिंह को पूरे मामले का खुलासा कर देना चाहिए ताकि जनता को भी यह पता चल सके कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जो खुद को बेहद ईमानदार बताते रहे हैं, राज्यसभा भेजने के नाम पर कितना पैसा लेते थे। यदि इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं तो सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए।
वहीं ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजे जाने के मामले में भी आरपी सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मामले में कई सवाल उठ रहे थे। इसी वजह से पुलिस ने रिमांड मांगी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आरोपी जांच में पूरा सहयोग करेगा और पुलिस निष्पक्ष तरीके से मामले की जांच करेगी।
अंतरराष्ट्रीय संबंधों को लेकर भी भाजपा प्रवक्ता ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी नेता मार्को रूबियो ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया है। आर.पी. सिंह ने इसे सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि इससे दोनों देशों के बीच चर्चाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी और व्यापार समझौते जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी निर्णय हो सकता है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए शब्दों पर भाजपा प्रवक्ता ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं और उनके समर्थकों द्वारा लगातार आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया जा रहा है और यह अब उनकी राजनीतिक शैली का हिस्सा बन चुका है।
इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आर.पी. सिंह ने कहा कि बकरीद विशेष रूप से बकरियों की कुर्बानी से जुड़ा त्योहार है और कुर्बानी के नाम पर गाय की कुर्बानी को उचित नहीं ठहराया जा सकता।