भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर राहुल गांधी का तीखा हमला

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी कैबिनेट पर भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है

By :  Deshbandhu
Update: 2026-02-14 05:54 GMT

“कपास किसानों और टेक्सटाइल निर्यातकों को नुकसान” - राहुल गांधी

  • बांग्लादेश को 0% टैरिफ, भारत पर 18% शुल्क का आरोप
  • “मोदी और कैबिनेट झूठ बोलने में माहिर” - कांग्रेस सांसद
  • राहुल बोले: सरकार ने व्यापार नीति से देश के हितों से किया समझौता

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी कैबिनेट पर भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि इस समझौते से देश के कपास किसानों और टेक्सटाइल निर्यातकों को नुकसान हो रहा है।

राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि भारत से अमेरिका को गारमेंट्स निर्यात पर 18% टैरिफ लगाया जाता है, जबकि बांग्लादेश को यह छूट 0% पर मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार इस तथ्य को छिपाकर किसानों और उद्योग जगत को गुमराह कर रही है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और उनकी कैबिनेट "झूठ बोलने में माहिर" हैं और इस व्यापार नीति के जरिए देश के हितों से समझौता कर रहे हैं। उनका कहना है कि बांग्लादेश जैसे पड़ोसी देशों को अमेरिका में निर्यात पर पूरी छूट मिल रही है, जबकि भारतीय निर्यातकों को भारी शुल्क का सामना करना पड़ रहा है।

Tags:    

Similar News