प्रवेश वर्मा थप्पड़ कांड पर राहुल का हमला, भाजपा को जनता का डर नहीं

दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा एक युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर निशाना साधा है;

Update: 2026-09-27 16:34 GMT

वीडियो बनाया तो पड़ा थप्पड़, राहुल गांधी ने भाजपा को घेरा

  • वोटर से डर खत्म होते ही बढ़ा सत्ता का अहंकार: राहुल गांधी
  • तिलक नगर थप्पड़ कांड पर सियासत तेज, राहुल बोले सवाल पूछो तो सजा मिलती है
  • प्रवेश वर्मा विवाद पर राहुल का वार, वोट चोरी के बाद आता है अहंकार

नई दिल्ली। दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा एक युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर निशाना साधा है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि दिल्ली की भाजपा सरकार के एक मंत्री वीडियो में एक नौजवान को थप्पड़ मारते दिख रहे हैं। उसका गुनाह? वो वीडियो बना रहा था। मंत्री के सामने सड़क खोदकर दिखाई जा रही थी, और उसके हाथ में कैमरा था। ये उस सत्ता का चेहरा है जिसे अब वोटर से डर लगना बंद हो गया है। सड़क पर सवाल पूछो - थप्पड़। पेपर लीक पर सवाल पूछो - लाठी। संसद में सवाल पूछो - माइक बंद।

उन्होंने कहा कि ये लोग ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि इन्हें अब ये डर नहीं है कि चुनाव इन्हें हटा सकता है। वोट चोरी यही खरीदती है, सिर्फ नतीजा नहीं, उसके बाद आने वाला अहंकार भी। जो सरकार जीत को पक्का मान लेती है, उसे आपकी रजामंदी नहीं चाहिए, आपकी खामोशी और अंधभक्ति चाहिए।

इससे पहले कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने घटना को लेकर दिल्ली सरकार और भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राजधानी में आम नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार, महिलाओं के खिलाफ अपराध और अन्य घटनाओं पर सरकार की ओर से पर्याप्त कार्रवाई नहीं की जा रही है।

अभिषेक दत्त ने कहा कि तिलक नगर की घटना को लेकर उन्हें कोई आश्चर्य नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को यह भरोसा है कि उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी।

दत्त ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को आम नागरिक के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए और सार्वजनिक पद पर बैठे लोगों से संयम तथा जिम्मेदारी की अपेक्षा की जाती है।

कांग्रेस नेता ने दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में भाजपा नेताओं की भूमिका के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके अलावा उन्होंने राजधानी में महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या की घटनाओं को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। अभिषेक दत्त ने कहा कि दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आम आदमी पार्टी की एक महिला राज्यसभा सदस्य का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि वह विभिन्न मुद्दों पर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रतिक्रिया देती हैं, लेकिन इस मामले में उनकी ओर से कोई बयान सामने नहीं आया।

Tags:    

Similar News