Delhi News: सौरभ भारद्वाज समेत तीन आप नेताओं पर धार्मिक भावना आहत करने का मामला दर्ज, सांता क्लॉज के अपमान का आरोप
दिल्ली पुलिस ने 25 दिसंबर को इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 (किसी वर्ग की धार्मिक भावनाएं आहत करने के उद्देश्य से किया गया कृत्य), धारा 302 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से शब्दों का प्रयोग) और धारा 3(5) (सामूहिक दायित्व) के तहत मामला दर्ज किया।
नई दिल्ली : Delhi News: दिल्ली के कनाट प्लेस थाने में आम आदमी पार्टी (Aap) के तीन नेताओं पर ईसाई समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत करने के मामले में एफआइआर दर्ज की गई है। यह एफआइआर पूर्व विधायक सौरभ भारद्वाज, बुराड़ी से विधायक संजीव झा और आप नेता आदिल अहमद खान के खिलाफ दर्ज की गई। वीडियो के एक हिस्से में सांता क्लॉज को नकली CPR (जीवन रक्षक प्रक्रिया) देते हुए दिखाया गया, जिसे ईसाई समाज ने सेंट निकोलस और क्रिसमस पर्व की पवित्रता का उपहास माना है।
अधिवक्ता की शिकायत पर कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने 25 दिसंबर को इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 (किसी वर्ग की धार्मिक भावनाएं आहत करने के उद्देश्य से किया गया कृत्य), धारा 302 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से शब्दों का प्रयोग) और धारा 3(5) (सामूहिक दायित्व) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक यह कार्रवाई अधिवक्ता खुशबू जाॉर्ज की शिकायत पर की गई। साक्ष्यों की जांच की जा रही है। कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो अपलोड किए
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तीनों नेताओं ने 17 और 18 दिसंबर को अपने आधिकारिक इंटरनेट मीडिया हैंडल पर वीडियो अपलोड किए, जिनमें कनाट प्लेस पर सार्वजनिक रूप से किए गए एक राजनीतिक नाटक को दिखाया गया। शिकायत के मुताबिक, इन वीडियो में सांता क्लॉज की वेशभूषा में लोगों को सड़क पर बेहोश होकर गिरते हुए दिखाया गया और उन्हें राजनीतिक संदेश देने के लिए प्रतीक (प्राप) के रूप में इस्तेमाल किया गया।
मजाकिया ढंग से सीपीआर करते हुए दिखाया गया
शिकायतकर्ता का कहना है कि सांता क्लॉज, जिन्हें दुनिया भर के ईसाइयों के लिए एक पूजनीय धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीक माना जाता है और जिनका संबंध सेंट निकोलस की विरासत और क्रिसमस पर्व से है, उनको इन वीडियो में अपमानजनक और उपहासपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया गया। यह भी आरोप है कि वीडियो में सांता क्लाज के प्रतीक पर मजाकिया ढंग से हार्ट अटैक की स्थिति में दिया जाने वाला सीपीआर करते हुए दिखाया गया।
आप नेताओं ने किया आस्था से खिलवाड़: भाजपा
आप के तीन नेताओं पर एफआइआर होने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यह दर्शाता है कि सत्ता जाने के बाद आप के नेता किस स्तर पर काम कर रहे हैं। सचदेवा ने कहा कि एक पार्टी के अध्यक्ष जो विधायक रहे हैं, मंत्री रहे हैं और संजीव झा जो अभी भी विधायक है, एक जनप्रतिनिधि के रूप में काम करते हैं, उन्हें अपनी गंभीरता नहीं खोनी चाहिए। सचदेवा ने कहा कि आप के जिन तीन नेताओं पर पुलिस ने एफआइआर की है, उन्होंने धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ कर मसखरी करने का एक अशोभनीय कार्य किया है जो किसी भी धर्म के लिए शोभनीय नहीं है। किसी भी धर्म का मजाक उड़ाना हर सूरत गलत है।
उम्मीद करना बेकार
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अगर कोई समाज में अल्पसंख्यक समाज है तो उसका मजाक उड़ाने का काम आप के नेताओं ने उस वक्त किया है, जब उनका त्योहार चल रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए आपको किसी भी मुद्दे पर सरकार के खिलाफ विरोध करने का अधिकार है, लेकिन उसका एक संवैधानिक संवेदनशील तरीका होता है लेकिन आम आदमी पार्टी के नेताओं से इसकी उम्मीद करना बेकार है।