नई दिल्ली: राजधानी में प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शनों और गांधी जयंती व लाल बहादुर शास्त्री जयंती के कार्यक्रमों के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने शुक्रवार को राजीव चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और मंडी हाउस समेत 11 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद कर दिया। वहीं, जंतर-मंतर, संसद मार्ग और कनॉट प्लेस के आसपास दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग बढ़ा दी है। यात्रियों और वाहन चालकों को कई मार्गों पर डायवर्जन का सामना करना पड़ सकता है।
11 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश-निकास बंद
DMRC के अनुसार, जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, नई दिल्ली और रामकृष्ण आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशनों पर अगली सूचना तक एंट्री और एग्जिट बंद रहेगी। हालांकि, यात्रियों के लिए राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा जारी रखी गई है। यानी इन स्टेशनों पर यात्री मेट्रो की दूसरी लाइन में बदलाव कर सकेंगे, लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने या बाहर से प्रवेश करने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा घेरा
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को आमआदमी पार्टी के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन प्रस्तावित है। इसे देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर बैरिकेड लगाए गए हैं और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। गुरुवार से ही जंतर-मंतर के आसपास आवाजाही नियंत्रित की जा रही है। आम लोगों को इलाके में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई और जनपथ की तरफ से आने वाले रास्ते पर भी बैरिकेडिंग की गई। पैदल आने वाले लोगों को भी निर्धारित सुरक्षा घेरे से आगे जाने से रोका गया।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
प्रदर्शन के अलावा गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के कार्यक्रमों के कारण भी मध्य दिल्ली में यातायात प्रभावित होने की संभावना है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस और आसपास के प्रमुख चौराहों पर यातायात नियंत्रण और डायवर्जन की व्यवस्था की है। जंतर-मंतर रोड को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद किया गया है, जबकि संसद मार्ग पर अतिरिक्त बैरिकेडिंग की गई है। कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल से पटेल चौक और जीपीओ की ओर जाने वाले वाहनों को जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जा रहा है।
टॉल्स्टॉय मार्ग और अशोका रोड पर दबाव
जंतर-मंतर की तरफ जाने वाले टॉल्स्टॉय मार्ग, अशोका रोड, जीपीओ और कस्तूरबा गांधी मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना जताई गई है। जरूरत पड़ने पर इन मार्गों पर भी यातायात को अस्थायी रूप से नियंत्रित या रोका जा सकता है। वहीं, गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के कार्यक्रमों को देखते हुए राजघाट, विजय घाट, आईटीओ, दिल्ली गेट और रिंग रोड के कुछ हिस्सों में भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
BNSS की धारा 163 लागू
नई दिल्ली जिला पुलिस प्रशासन ने जंतर-मंतर, संसद मार्ग और कनॉट प्लेस सब-डिविजन में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की है। प्रशासन के निर्देश के तहत बिना पूर्व लिखित अनुमति के पांच या उससे अधिक लोगों के जमावड़े, जुलूस, धरना और प्रदर्शन पर रोक लगाई गई है। इलाके में नारेबाजी, भड़काऊ भाषण और कुछ प्रकार की वस्तुओं के साथ आवाजाही पर भी प्रतिबंध लागू है। दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद की सीमाओं पर भी पुलिस ने बैरिकेडिंग और जांच बढ़ाई है।
SFI और DYFI का मार्च
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (DYFI) ने शुक्रवार को जंतर-मंतर तक मार्च निकालने की घोषणा की है। दोनों संगठन मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। संगठन से जुड़े एक सदस्य के मुताबिक, प्रस्तावित मार्च के लिए अनुमति नहीं मिली है। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं के जंतर-मंतर की ओर बढ़ने की योजना है। आयोजकों ने मार्च में करीब 1,500 लोगों के शामिल होने की संभावना जताई है। प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था के चलते मध्य दिल्ली में मेट्रो, सड़क यातायात और पैदल आवाजाही पर असर पड़ सकता है। ऐसे में यात्रियों और वाहन चालकों को यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेने और अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।