दिल्ली में पूर्व लिव-इन पार्टनर पर किया एसिड अटैक, 15 दिन रेकी के बाद वारदात को दिया अंजाम

जीटीबी अस्पताल में भर्ती युवती का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, शरीर के कई हिस्से गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं और उसकी आंखों पर भी गंभीर असर पड़ा है। डॉक्टरों ने उसकी दृष्टि को लेकर भी चिंता जताई है।;

Update: 2026-10-07 09:20 GMT

नई दिल्ली। राजधानी के घोंडा इलाके में मंगलवार सुबह एक युवती पर एसिड अटैक की गंभीर घटना सामने आई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक अपनी पूर्व लिव-इन पार्टनर से नाराज था और करीब 15 दिनों तक उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के बाद उसने वारदात को अंजाम दिया। हमले में 24 वर्षीय युवती गंभीर रूप से झुलस गई। उसे तत्काल जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में आरोपी ताजुद्दीन (41) को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर पुरानी कार की बैटरी में इस्तेमाल होने वाला तेजाब इटावा से खरीदा था। पुलिस अब उस दुकान का पता लगाने में जुटी है, जहां से आरोपी ने इसे खरीदा था।

घोंडा चौक के पास युवती को बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से अलीगढ़ की रहने वाली है और दिल्ली के घोंडा इलाके में अकेली रहती है। वह जाफराबाद की एक सिलाई फैक्ट्री में काम करती है। मंगलवार सुबह वह घोंडा चौक से पैदल अपनी ड्यूटी के लिए जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उसे रास्ते में रोका और उस पर तेजाब फेंक दिया। हमले के बाद युवती मदद के लिए पास खड़े एक बुजुर्ग के पास पहुंची। इस दौरान बुजुर्ग भी मामूली रूप से प्रभावित हुए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी सर्विलांस की मदद ली।

करीब 15 दिन से कर रहा था निगरानी

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी पिछले कुछ समय से युवती की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। बताया जा रहा है कि वारदात से पहले करीब 15 दिनों तक उसने युवती की रेकी की। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आरोपी ने पीड़िता के आने-जाने का समय और रास्ता किस तरह पता किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उससे पूछताछ शुरू कर दी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

तीन साल से जानता था, एक साल रहा लिव-इन में

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह युवती को करीब तीन साल से जानता था। दोनों करीब एक साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे थे। पुलिस के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले युवती ने आरोपी से अलग होने का फैसला किया था। आरोपी ने ताया कि वह इस अलगाव से नाराज था और युवती को ‘सबक सिखाना’ चाहता था। पुलिस का कहना है कि इसी नाराजगी के चलते उसने हमले की योजना बनाई। हालांकि, आरोपी के बयान के आधार पर सामने आए इन दावों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपी ने वारदात से पहले किसी अन्य व्यक्ति से मदद ली थी।

छह घंटे के भीतर पुलिस के हाथ लगा आरोपी

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए तकनीकी निगरानी का सहारा लिया। अधिकारियों के मुताबिक, करीब छह घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी भी एक फैक्ट्री में काम करता है और जनता कॉलोनी में किराये के मकान में रहता है। जांच के दौरान पुलिस उसके मोबाइल फोन, आवाजाही और वारदात से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

युवती की हालत गंभीर, आंखों पर भी असर

जीटीबी अस्पताल में भर्ती युवती का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, शरीर के कई हिस्से गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं और उसकी आंखों पर भी गंभीर असर पड़ा है। डॉक्टरों ने उसकी दृष्टि को लेकर भी चिंता जताई है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उस स्थान और दुकान की पहचान करने की कोशिश की जा रही है, जहां से आरोपी ने तेजाब हासिल किया था। जांच का उद्देश्य हमले की पूरी साजिश और आरोपी की गतिविधियों की कड़ी जोड़ना है।

Tags:    

Similar News