दिल्ली : तबलीगियों की मदद के आरोपी हवलदार को पुलिस ने किया होम-क्वारंटाइन
दिल्ली पुलिस ने अपने ही एक हवलदार को होम-क्वारंटाइन कर दिया है। हवलदार पर आरोप है कि वो तबलीगियों का मददगार है
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने अपने ही एक हवलदार को होम-क्वारंटाइन कर दिया है। हवलदार पर आरोप है कि वो तबलीगियों का मददगार है। आरोपों की जांच के लिए एक टीम बना दी गयी है। इससे पूर्व दिल्ली पुलिस मुख्यालय में ड्यूटी देने वाला और दिल्ली पुलिस सिक्योरिटी ब्रांच में तैनात एक सिपाही गाजियाबाद में पकड़ा जा चुका है। पकड़े गये सिपाही के साथ कई तबलीगी भी पुलिस के हाथ लगे थे।
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, "अब शक के दायरे में आया संदिग्ध हवलदार दिल्ली पुलिस की संचार शाखा में तैनात है। इस पर आरोप है कि इसने कुछ जमातियों को दिल्ली का बार्डर पार कराया था।
आरोपी के फेसबुक एकाउंट की जांच की गयी तो कुछ बातें उससे भी मेल खाती मिलीं। कहा तो यह जाता है कि हवलदार ने फेसबुक पर डाल रखा था कि, कोई भी उससे मदद के लिए मोबाइल फोन पर संपर्क कर सकता है। हांलांकि इन तमाम तथ्यों की अभी पुलिस जांच चल रही है।"
सूत्रों के मुताबिक, "इस संदिग्ध हवलदार की हरकतों के संबंध में दिल्ली पुलिस मुख्यालय को एक मेल लिखा गया था। उसके बाद पूरे मामले का भांडा फूटा। यह मेल 4 अप्रैल 2020 को लिखा गया बताया जाता है।"