दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या 16000 के पार
दिल्ली में वैश्विक महामारी कोविड-19 का पिछले 24 घंटों में सबसे भयावह रूप सामने आया
नई दिल्ली। दिल्ली में वैश्विक महामारी कोविड-19 का पिछले 24 घंटों में सबसे भयावह रूप सामने आया और रिकार्ड 1024 नये मामलों से संक्रमण की चपेट में आए लोगों का आंकड़ा 16 हजार को पार कर गया और इस दौरान 13 और मरीजों की जान वायरस ने ले ली।
दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग की तरफ से गुरुवार देर शाम जारी संक्रमण के आंकड़ों के अनुसार रिकार्ड 1024 नये मामलों से संक्रमण प्रभावितों की कुल संख्या 16 हजार 281 पर पहुंच गई। इस दौरान 13 मरीजों की मौत से संक्रमण मृतकों की संख्या 316 हो गई।
बुधवार को 792 मामले और पंद्रह की मौत हुई थी।
अट्ठारह मई से चौथा लाकडाउन शुरु होने के बाद राजधानी में संक्रमण दिनोंदिन भयावह होता जा रहा है।
देश में कोरोना संक्रमण के मामले में महानगरी तीसरे स्थान पर है। रविवार को रिकार्ड 30 मरीजों की मौत हुई थी।
दिल्ली स्वास्थ्य महानिदेशालय के आंकड़ों के अनुसार फिलहाल वायरस के सक्रिय मामले 8470 हैं। इस दौरान 231 मरीज ठीक हुए और अब तक 7495 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
दिल्ली में कोरोना के लिए बनाए गए विशेष कोविड अस्पतालों में भी भर्ती होने वालों की संख्या रोजाना बढ़ रही है और 2196 मरीजों का उपचार चल रहा है। इनमें से 197 गहन चिकित्सा केंद्र (आईसीयू) और 31 वेंटिलेटर पर हैं।
सबसे अधिक संक्रमित 635 लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल (एलएनजेपी) में भर्ती हैं जिसमें 25 आईसीयू में और दो वेंटिलेटर पर है।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दिल्ली और झज्जर में कुल 536 संक्रमितों का इलाज चल रहा है । इनमें 17 आईसीयू और चार वेंटिलेटर पर हैं।