कोरोना महामारी पर जीत वैक्सीन से ही मिल सकती है: कांग्रेस

 कांग्रेस ने कहा है कि दुनिया से मिले अनुभव से साफ हो गया है कि कोरोना महामारी से जीत टीकाकरण से ही मिल सकती है

Update: 2021-05-14 17:59 GMT

नयी दिल्ली।  कांग्रेस ने कहा है कि दुनिया से मिले अनुभव से साफ हो गया है कि कोरोना महामारी से जीत टीकाकरण से ही मिल सकती है इसलिए सरकार को टीका नीति में सुधार कर वैक्सीन खरीद का केंद्रीकरण और वितरण का विकेंद्रीकरण करना चाहिए।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सरकार की टीकाकरण नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार की वैक्सीन नीति समस्या को और बिगाड़ रही है और इस नीति को देश झेल नहीं सकता है। उन्होंने इस नीति में बदलाव का सुझाव देते हुए कहा कि वैक्सीन की ख़रीद केंद्र को करनी चाहिए और वितरण की ज़िम्मेदारी राज्यों को दी जानी चाहिए।

केंद्र सरकार की वैक्सीन नीति समस्या को और बिगाड़ रही है- जो भारत झेल नहीं सकता।

वैक्सीन की ख़रीद केंद्र को करनी चाहिए और वितरण की ज़िम्मेदारी राज्यों को दी जानी चाहिए।

— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 14, 2021

बाद में कांग्रेस प्रवक्ता शक्ति सिंह गोहिल ने शुक्रवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कोरोना को नियंत्रित करने में सफल रहे दुनिया के विभिन्न देशों के अनुभव से यही सीखने को मिला है कि कोरोना महामारी से व्यापक स्तर पर लोगों को वैक्सीन देकर ही जीत हासिल की जा सकती है इसलिए सरकार को कोरी बयानबाजी करने तथा छवि सुधारने की कोशिश करने की बजाए लोगों की जान बचाने पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आबादी के हिसाब से कोरोना वैक्सीन की डोज़ देने वाले देशों में भारत 77वें पायदान पर है। हालात यह है कि सरकार ने संसद की स्वास्थ्य संबंधी स्थायी समिति के वैक्सीन को लेकर दिए सुझावों की अनदेखी की है।

प्रवक्ता ने कहा कि जिन देशों ने कोरोना टीके की खुराक देने में अग्रिमता रखी है, वहां कोरोना के संक्रमण की कड़ी टूटी है और सामान्य स्थिति बनी है।

Tags:    

Similar News