कांग्रेस के तीसरी सूची से एक विधायक का टिकट कटा

कांग्रेस पार्टी अब तक कुल 230 में से 184 सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है

Update: 2018-11-06 13:12 GMT

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से जारी 13 प्रत्याशियों की तीसरी सूची में एक मौजूदा विधायक का टिकट काट दिया गया है।

हालांकि भोपाल की गोविंदपुरा सीट से भारतीय जनता पार्टी की ही तरह कांग्रेस ने भी अब तक अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।

तीसरी सूची में पार्टी ने पांढुर्णा से मौजूदा विधायक जतन उइके का टिकट काट कर नीलेश उइके को मौका दिया है। बमोरी से महेंद्र सिंह सिसोदिया पर कांग्रेस ने एक बार फिर भरोसा जताया है।

वहीं हाटपिपल्या से प्रदेश सरकार में मंत्री दीपक जोशी के सामने कांग्रेस ने मनोज चौधरी को चुनावी मैदान में उतारा है। 

सांसद और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा से पार्टी ने दीपक सक्सेना को चेहरा बनाया है।

वे यहां से भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा विधायक चौधरी चंद्रभान सिंह का सामना करेंगे। भोपाल मध्य पर पार्टी ने एक बार फिर आरिफ मसूद को ही उतारा है। मसूद पिछली बार भी यहीं से प्रत्याशी थे, हालांकि उन्हें भाजपा के सुरेंद्र नाथ सिंह से शिकस्त मिली थी।

पार्टी के 13 प्रत्याशियों की सूची में एक महिला, मनगवां से बबीता साकेत को मौका दिया गया है।

प्रदेश में नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि नौ नवंबर है। नामांकन पत्रों की जांच 12 नवंबर तक होगी। नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 14 नवंबर है। मतदान 28 नवंबर को और नतीजे 11 दिसंबर को आएंगे।

Full View

Tags:    

Similar News