एमबीबीएस में प्रवेश दिलाने के नाम पर साढ़े आठ लाख रुपए की ठगी

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले की एक युवती का एमबीबीएस में प्रवेश दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है।

Update: 2019-11-07 16:00 GMT

श्रीगंगानगर । राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले की एक युवती का एमबीबीएस में प्रवेश दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है।

पुलिस के अनुसार जिले में पदमपुर कस्बे के वार्ड संख्या पन्द्रह निवासी एवं युवती के पिता बुद्धेश्वर शर्मा ने उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के निवासी सुशील कुमार शर्मा के खिलाफ आठ लाख 50 हजार की ठगी करने का मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमे में श्री शर्मा ने बताया कि नेट परीक्षा उत्तीर्ण उसकी पुत्री श्रेया को एमबीबीएस में प्रवेश के लिए काउंसलिंग की फीस भी जमा करा दी लेकिन मेरठ के सुभारती मेडिकल कॉलेज में उसका प्रवेश नहीं हो पाया।

इसी दौरान उससे गाजियाबाद के इंद्रपुरम में शिप्रा खंड क्षेत्र निवासी सुशील कुमार शर्मा ने संपर्क किया। सुशील शर्मा ने कहा कि लखनऊ के हिंद मेडिकल इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस में उसकी पुत्री का एडमिशन हो सकता है। सुशील ने श्रेया का एडमिशन करवा देने की बात पक्की करते हुए बताया कि साढ़े आठ लाख रुपए आरटीजीएस के जरिए इस इंस्टीट्यूट के बैंक अकाउंट में जमा कराने होंगे। उसके बताए बैंक अकाउंट में यह राशि आरटीजीएस के जरिए जमा करवा दी गई।

इसके बाद सुशील ने उससे संपर्क करना बंद कर दिया और वह तब से गायब है।

पुलिस ने बताया कि धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में सुशील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है।


Full View

Tags:    

Similar News