नगर निगम की विशेष सामान्य सभा, महिला आरक्षण बिल पर भिड़े भाजपा-कांग्रेस पार्षद
रायपुर नगर पालिक निगम की विशेष सामान्य सभा सोमवार को सियासी अखाड़ा बन गई;
नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के ‘मुखबिरी’ शब्द पर मचा बवाल
रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम की विशेष सामान्य सभा सोमवार को सियासी अखाड़ा बन गई। महिला आरक्षण बिल के संसद में पारित न होने के मुद्दे पर बुलाई गई इस बैठक में भाजपा और कांग्रेस पार्षदों के बीच जमकर तीखी नोकझोंक हुई। सदन में उस वक्त तनाव चरम पर पहुँच गया जब नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी की एक टिप्पणी पर भाजपा पार्षद उनकी सीट तक जा पहुँचे और माफी की मांग को लेकर भारी हंगामा किया।
राजधानी के नगर निगम में राष्ट्रीय मुद्दों पर होने वाली यह बहस दर्शाती है कि आगामी चुनावों से पहले महिला वोट बैंक को साधने की कवायद तेज हो गई है। सदन की कार्यवाही में हंगामे के कारण शहर के विकास कार्यों पर चर्चा प्रभावित होना चिंता का विषय है।
विपक्ष नहीं चाहता महिलाओं को हक, भाजपा का वार
विशेष सभा में निगम की 18 महिला पार्षदों ने अपने विचार रखे। भाजपा से जुड़ी महिला पार्षदों ने सीधा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दल महिलाओं को उनका हक नहीं देना चाहते, इसीलिए संसद में बिल को समर्थन नहीं दिया गया। महापौर मीनल चौबे सहित भाजपा की महिला विंग ने कांग्रेस के प्रति गहरी नाराजगी जाहिर की। भाजपा पार्षद काले कपड़े पहनकर और काली पट्टी लगाकर सामान्य सभा में पहुंचे थे।
कांग्रेस ने देश को दी पहली महिला विपक्ष का पलटवार
वहीं, कांग्रेस पार्षदों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उनका तर्क था कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को नेतृत्व दिया है, जिसका प्रमाण स्व. इंदिरा गांधी (पहली महिला पीएम) और प्रतिभा पाटिल (पहली महिला राष्ट्रपति) हैं। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा पुराने बिल को नए रूप में पेश कर केवल राजनीति कर रही है।
सदन में हंगामा और माफीनामा
सदन की कार्यवाही के दौरान माहौल तब बिगड़ गया जब नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने ‘अंग्रेजों की मुखबिरी’ शब्द का प्रयोग किया। इस पर भाजपा पार्षद आक्रोशित होकर उनकी सीट तक पहुँच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख आकाश तिवारी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया है, फिर भी यदि किसी को ठेस पहुँची हो तो वे क्षमा मांगते हैं।
प्रस्ताव चर्चा उपरांत सर्वसम्मति से पारित
आज रायपुर नगर पालिक निगम के सभापति सूर्यकान्त राठौड़ के सभापतित्व में रायपुर नगर निगम सचिवालय द्वारा नगर निगम मुख्यालय भवन महात्मा गाँधी सदन के चतुर्थ तल पर स्थित सभागार में विशेष सामान्य सभा (विशेष सम्मिलन) की बैठक आहुत की गयी। विशेष सामान्य सभा की बैठक में सभापति सूर्यकांत राठौड़ के समापतित्व में महिला सशक्तिकरण हेतु अल्पकालिक जनजागरूकता अभियान के आयोजन एव समन्वय पर चर्चा और विचार विमर्श किया गया और चर्चा उपरांत प्रस्ताव को विशेष सामान्य सभा की बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया।