छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल – 24 आईपीएस अधिकारियों के तबादले

छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस प्रशासन में व्यापक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 24 अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किये हैं;

Update: 2026-07-11 02:00 GMT

आईजी और डीआईजी की नई जिम्मेदारी – पुलिस महकमे में व्यापक बदलाव

  • 12 जिलों के एसपी बदले – रायपुर से बस्तर तक नई तैनाती
  • राजनांदगांव-बस्तर में नई ताजपोशी – अजय कुमार यादव बने आईजी

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस प्रशासन में व्यापक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 24 अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किये हैं।

गृह (पुलिस) विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी आदेश के तहत एक पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रेंज, कई पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी), सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) तथा 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) की नयी पदस्थापना की गयी है।

आदेश के अनुसार नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी के निदेशक अजय कुमार यादव को राजनांदगांव रेंज का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, राजनांदगांव रेंज के आईजी बालाजी राव सोमावर को पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर पदस्थ किया गया है। बस्तर रेंज के आईजी प्रशांत कुमार अग्रवाल को भी पुलिस मुख्यालय में नयी जिम्मेदारी सौंपी गयी है।

तबादला आदेश में चार डीआईजी स्तर के अधिकारियों के स्थानांतरण के साथ रायपुर नगरीय पुलिस के तीन पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) को बस्तर क्षेत्र में नयी जिम्मेदारी दी गई है। रॉबिन्सन गुरिया को गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक पद से स्थानांतरित कर रायपुर नगरीय में पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) बनाया गया है।

राज्य सरकार ने 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों में भी बदलाव किया है। आदेश के अनुसार चंद्रमोहन सिंह को दंतेवाड़ा, हरीश राठौर को कोरिया, भावना पांडेय को धमतरी, राय गौरव रामप्रवेश को बलौदाबाजार-भाटापारा, उमेश प्रसाद गुप्ता को बीजापुर, मयंक गुर्जर को सुकमा, संदीप कुमार पटेल को नारायणपुर, चव्हाण किरण गंगाराम को बालोद, योगेश कुमार पटेल को सूरजपुर, जितेंद्र कुमार यादव को कबीरधाम तथा सुनील शर्मा को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

सरकार के इस निर्णय को लंबे समय बाद पुलिस प्रशासन में किये गये बड़े फेरबदल के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का यह स्थानांतरण कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Tags:    

Similar News