छत्तीसगढ़ में हैवान पति का खौफनाक चेहरा! पत्नी के शरीर पर 18 गंभीर चोटें... मिली लोहे की रॉड, अजन्मे बच्चे समेत मौत
पोस्टमार्टम के दौरान महिला के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान पाए गए। आरोपी ने पत्नी के प्राइवेट पार्ट में लगभग 10 इंच लंबी लोहे का राड डाल दिया था। इससे महिला की बच्चेदानी फट गई और गर्भस्थ शिशु समेत उसकी मौत हो गई।;
अंबिकापुर : Husband Murdered Pregnant Wife: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में एक गर्भवती महिला की मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है। आरोप है कि महिला की हत्या उसके ही पति ने बेरहमी से की और बाद में इसे सड़क हादसा बताने की कोशिश की। घटना के बाद से आरोपी पति फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
अस्पताल पहुंचाकर सड़क हादसे की कहानी गढ़ी
जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार रात की है। आरोप है कि पति ने पहले अपनी गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट की। जब महिला गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई, तो वह उसे बाइक पर कपड़े से बांधकर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचा। अस्पताल में उसने दावा किया कि महिला सड़क दुर्घटना का शिकार हुई है। हालांकि डॉक्टरों को मामला संदिग्ध लगा। जांच के दौरान महिला की मौत की पुष्टि होने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए गंभीर तथ्य
पोस्टमार्टम के दौरान महिला के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान पाए गए। आरोपी ने पत्नी के प्राइवेट पार्ट में लगभग 10 इंच लंबी लोहे का राड डाल दिया था। इससे महिला की बच्चेदानी फट गई और गर्भस्थ शिशु समेत उसकी मौत हो गई। फोरेंसिक विशेषज्ञों के अनुसार, मृतका के शरीर पर कुल 18 गंभीर चोटें दर्ज की गईं। फोरेंसिक साइंस विभाग के प्रमुख डॉ. संटू बाग ने पुष्टि की कि महिला के शरीर में गंभीर अंदरूनी चोटें थीं, जिनकी वजह से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। इसी कारण महिला और गर्भस्थ शिशु दोनों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि महिला के साथ बेहद क्रूर हिंसा की गई थी।
पांच साल की बेटी ने पुलिस को दी जानकारी
घटना के समय दंपती की पांच वर्षीय बेटी भी घर में मौजूद थी। पुलिस ने बच्ची से बातचीत की, जिसमें उसने उस रात हुई घटनाओं के बारे में जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्ची के बयान से जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिली है। हालांकि बच्ची की सुरक्षा और मानसिक स्थिति को देखते हुए उसकी पहचान और विस्तृत बयान सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
प्रेम विवाह के बाद बढ़ता गया विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका ने आरोपी से प्रेम विवाह किया था। शुरुआती दिनों में दोनों का रिश्ता सामान्य था, लेकिन बाद में घरेलू विवाद बढ़ने लगे। स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों के अनुसार, आरोपी शराब पीने का आदी था और अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। परिवार में पहले भी कई बार झगड़े की घटनाएं हुई थीं। दंपती के चार बच्चे हैं और महिला गर्भवती थी।
पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में
सरगुजा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें बनाई गई हैं। पुलिस उसके रिश्तेदारों, दोस्तों और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश जारी है।
फोरेंसिक टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना के बाद मणिपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी के नेतृत्व में पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। टीम ने घर से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय घर में क्या परिस्थितियां थीं और आरोपी ने अपराध को छिपाने की क्या-क्या कोशिशें कीं।
इलाके में आक्रोश और चिंता
इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि घरेलू हिंसा की घटनाओं को समय रहते गंभीरता से लिया जाना चाहिए ताकि ऐसी त्रासदियां रोकी जा सकें। महिला संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा पर रोक लगाने के लिए प्रशासन और समाज दोनों को गंभीर कदम उठाने होंगे।
पुलिस को आरोपी की गिरफ्तारी का इंतजार
फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता आरोपी को गिरफ्तार करना है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम और हत्या के पीछे की वजहों का और स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।