छत्तीसगढ़: राजिम के गरीबों को मिला पीएम आवास योजना का लाभ, बोले- पक्के मकान का सपना हुआ साकार
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले स्थित राजिम नगर पालिका क्षेत्र में बेघर और कच्चे मकानों में जीवन यापन कर रहे गरीब परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले स्थित राजिम नगर पालिका क्षेत्र में बेघर और कच्चे मकानों में जीवन यापन कर रहे गरीब परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत इन परिवारों को पक्का मकान बनाने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। लाभार्थियों ने सरकार का आभार जताया और कहा कि सपनों का घर मिल गया।
योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र हितग्राही को लगभग ढाई लाख रुपए की राशि किस्तों में दी गई, जिससे उन्होंने अपने कच्चे आशियाने की जगह पक्का घर बना लिया है।
लाभार्थियों का कहना है कि पहले वे कच्चे मकानों में रहते थे, जहां बारिश के दिनों में छत से पानी टपकता था, दीवारों में सीलन भर जाती थी और कई बार दीवार गिरने का खतरा बना रहता था। बरसात और गर्मी दोनों मौसम उनके लिए कठिन परीक्षा जैसे होते थे, लेकिन अब पक्के मकान में रहने से इन समस्याओं से पूरी तरह छुटकारा मिल गया है। सुरक्षित छत मिलने से परिवारों में खुशी और आत्मविश्वास बढ़ा है। लाभार्थियों ने पीएम मोदी का आभार जताया है।
लाभार्थी अश्वनी पटेल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में बताया कि उन्हें पीएम आवास योजना के तहत घर मिला है, जिससे उनकी जिंदगी में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि पहले झोपड़ी में रहने के कारण हर मौसम में परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब पक्का मकान मिलने से उनका परिवार सुरक्षित और खुशहाल है।
वहीं, लाभार्थी कैलाश ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनकी माताजी के नाम से लाभ मिला है और योजना की तीन किस्तें मिल चुकी हैं। पहले वे कच्चे मकान में रहते थे और विशेष रूप से बारिश के मौसम में काफी दिक्कत होती थी। अब पक्का घर बनने से परिवार को राहत मिली है।
लाभार्थी जीतूराम ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में शहरी योजना के अंतर्गत उन्हें आवास का लाभ मिला है। उनका घर पहले कच्चा था, और पक्का मकान बनाने के लिए पर्याप्त धनराशि नहीं थी। योजना के तहत मिली सहायता से उनका सपना पूरा हुआ। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने गरीबों के बारे में सोचकर उन्हें पक्का मकान देकर बड़ी राहत दी है।