संगरूर में युवक ने डीसी कार्यालय के बाहर कथित तौर पर जहर निगला, कांग्रेस ने पंजाब सरकार को घेरा
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने संगरूर में एक युवक द्वारा जिला उपायुक्त (डीसी) कार्यालय के बाहर कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या की कोशिश किए जाने के मामले को लेकर भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा है।;
चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने संगरूर में एक युवक द्वारा जिला उपायुक्त (डीसी) कार्यालय के बाहर कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या की कोशिश किए जाने के मामले को लेकर भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा है।
राजा वड़िंग ने एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि संगरूर जिले के नामोल गांव के युवक जग्गा सिंह ने नशे के खिलाफ वीडियो पोस्ट करने के बाद मिली धमकियों, मारपीट और पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से परेशान होकर यह कदम उठाया।
उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और सवाल सिर्फ एक युवक का नहीं, बल्कि पूरे पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा का है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर नशे के खिलाफ बोलने वाला व्यक्ति खुद को असुरक्षित महसूस करे, तो "नशामुक्त पंजाब" का दावा सवालों के घेरे में आ जाता है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि संगरूर में लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं और पहले के मामलों पर भी अभी तक जवाब नहीं मिला है। उन्होंने राज्य सरकार से हर शिकायत की निष्पक्ष जांच और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को सुरक्षा देने की मांग की।
राजा वड़िंग ने अपने पोस्ट में कहा कि पंजाब को "होर्डिंग नहीं, कार्रवाई चाहिए; पीआर नहीं, कानून चाहिए; भाषण नहीं, इंसाफ चाहिए।" फिलहाल इस मामले पर पंजाब सरकार या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।